रायपुर, 8 फरवरी 2026 (आरएनएस) शहर में अवैध शराब के कारोबार पर नकेल कसते हुए तेलीबांधा पुलिस ने एक और त्वरित कार्रवाई को अंजाम दिया है। सिंधी मुक्तिधाम तालाब के पास देशी शराब की अवैध बिक्री की फिराक में खड़े एक युवक को पुलिस ने रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 30 पौवा देशी मदिरा और बिक्री की नगदी रकम जब्त की गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार दिनांक 7 फरवरी 2026 की शाम करीब 7 बजकर 53 मिनट पर तेलीबांधा थाना पुलिस को मुखबीर से सूचना प्राप्त हुई कि सिंधी मुक्तिधाम तालाब के पास एक युवक सफेद रंग की प्लास्टिक बोरी में शराब रखकर अवैध रूप से बेचने के लिए ग्राहक का इंतजार कर रहा है। सूचना की तस्दीक के बाद पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर संदेही युवक को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान आरोपी के पास से 30 पौवा देशी मदिरा प्लेन रोमियो ब्राण्ड, प्रत्येक 180 एमएल कुल 5.400 बल्क लीटर शराब बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 2400 रुपये बताई गई है। साथ ही शराब बिक्री से अर्जित 120 रुपये नकद भी पुलिस ने जब्त किए। कुल जप्त मशरूका की कीमत 2520 रुपये आंकी गई है।
गिरफ्तार आरोपी ने अपना नाम राजा ताण्डी पिता विजय ताण्डी उम्र 22 वर्ष, निवासी ब्रम्हदेव नगर लाभाण्डी रायपुर बताया। आरोपी के खिलाफ थाना तेलीबांधा में अपराध क्रमांक 52/2026 धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
तेलीबांधा पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। पुलिस का कहना है कि अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी कीमत पर ऐसे तत्वों को बख्शा नहीं जाएगा।


















