मुर्शिदाबाद 8 फरवरी (आरएनएस)। राज्य के पुस्तकालय मामलों के मंत्री सिद्दीकुल्लाह के काफिले की पायलट कार की टक्कर से चार साल के एक बच्चा अलामीन शेख के गंभीर रूप से घायल होने के बाद लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। घटना आज मुर्शिदाबाद जिले के रेजिनगर पुलिस थाने के तहत काशीपुर गांव की है। उक्त घटना के बाद घटना स्थल इलाका रणक्षेत्र में बदल गया। स्थानीय लोगों ने सड़क जाम कर दी और जमकर विरोध प्रदर्शन किया। बाद में, पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को काबू में किया। आरोप है कि हादसे के बाद मंत्री का काफिला तेज रफ्तार से इलाके से भाग गया। इसके तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने रेजिनगर में काशीपुर रोड जाम कर दिया और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। जाम से ट्रैफिक बाधित हो गया। सूचना मिलने पर रेजिनगर थाने की बड़ी संख्या में पुलिस और रैफ मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने स्थानीय लोगों को जाम हटाने के लिए अनुरोध किया। स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, इस दिन सिद्दीकुल्लाह चौधरी का काफिला काशीपुर रोड से गुजर रहा था। उस समय चार साल का एक बच्चा सड़क पर निकला और गाड़ी के धक्के से गिर कर घायल हो गया। घटना के चश्मदीद सिराजुल शेख ने बताया कि टक्कर के बाद कार दो पल के रुकी लेकिन बच्चे को अस्पताल ले जाए बिना फिर तेज रफ्तार से भाग गई। इसलिए स्थानीय लोगों ने सड़क जाम कर दिया और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। लोगों ने बताया कि, मंत्री के काफिले की कार ने मिलन संघ क्लब के सामने सड़क पर उक्त बच्चे को टक्कर मार दी। गांव वालों का आरोप है कि टक्कर के बाद पायलट कार से एक पुलिस वाला उतरा। इसी बीच ड्राइवर पायलट कार लेकर भाग गया। गांव वाले गुस्सा हो गए और सड़क जाम कर दी और पुलिस वाले को रोक लिया। एक गांव वाले ने कहा, धक्का लगने के बाद, मैं ड्राइवर के पास भागा और उसे रुकने के लिए कहा। लेकिन ड्राइवर कार लेकर भाग गया। इतनी बड़ी घटना हुई लेकिन मंत्री को उससे मिलने की जरूरत महसूस नहीं हुई। इसलिए हमने उस कार में बैठे एक पुलिस वाले को रोक लिया। हमने उससे कहा कि जब मंत्री आएंगे तो हम उसे छोड़ देंगे। लेकिन पुलिस लाठियां लेकर आई और प्रदर्शनकारियों को पीटकर सड़क से हटा दिया।
बेलडांगा के एसडीपीओ उत्तम गरई ने कहा, नाबालिग अचानक घर से निकलकर सड़क पर आ गया, जिससे हंगामा हो गया। हालांकि, ड्राइवर की सक्रियता से उसकी जान बच गई। पुलिस और प्रशासन बच्चे का इलाज पक्का करने के लिए हर मुमकिन कदम उठा रहे हैं। हालांकि, इलाके का एक बड़ा हिस्सा मंत्री की ‘उदासीनताÓ और बर्ताव से नाराज़ है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

