कोटा ,08 फरवरी (आरएनएस)। कोटा शहर में देर रात एक सनसनीखेज चाकूबाजी की घटना सामने आई है। दादाबाड़ी थाना क्षेत्र में तीन बदमाशों ने धोखे से बुलाकर एक युवक पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तुरंत मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। घायल युवक की पहचान भोला यादव के रूप में हुई है। भोला ने बताया कि उसके भाई का आरोपियों से पहले से विवाद चल रहा था। इसी रंजिश के चलते आरोपियों ने उसे बातचीत के बहाने ज्योति मंदिर के पास बुलाया। जैसे ही वह वहां पहुंचा, पहले से घात लगाए बैठे तीन युवकों ने उस पर चार से पांच बार चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल भोला किसी तरह जान बचाकर वहां से भाग निकला। आसपास के कॉलोनीवासियों ने उसकी मदद की और उसे अस्पताल पहुंचाया। घटना की सूचना मिलते ही दादाबाड़ी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
दादाबाड़ी थाने के एएसआई शंभू दयाल ने बताया कि कंट्रोल रूम के जरिए घटना की सूचना मिली थी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि राहुल, मोडा और एक अन्य युवक ने मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया। पुलिस के अनुसार, भोला अपने एक दोस्त की बर्थडे पार्टी में शामिल होने आया था और बाहर निकलते ही आरोपी उस पर टूट पड़े।
पुलिस ने पीडि़त की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और तीनों आरोपियों की तलाश जारी है। यह वारदात रात करीब 12:30 बजे की बताई जा रही है।
00

