पटना 08 Feb, (rns) । निर्दलीय सांसद पप्पू यादव की गिरफ्तारी के बाद बिहार की राजनीति गरमा गई है। विपक्ष लगातार सरकार पर हमलावर है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी पहले ही इस गिरफ्तारी पर सवाल उठा चुके हैं। अब राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने भी खुलकर विरोध दर्ज कराया है।
राजद के कार्यकारी अध्यक्ष और बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि बिहार में तानाशाही अपने चरम पर है। उन्होंने आरोप लगाया कि दोषियों को बचाया जा रहा है और निर्दोष लोगों को फंसाया जा रहा है।
तेजस्वी यादव ने नीट छात्रा के मामले का जिक्र करते हुए कहा कि इस मुद्दे पर वे कई बार ट्वीट कर चुके हैं और राजद के विधायक लगातार विधानसभा में आवाज उठा रहे हैं, लेकिन सरकार गंभीर नहीं है। उन्होंने CBI जांच की भूमिका पर भी सवाल खड़े किए और कहा कि जांच एजेंसियों का इस्तेमाल राजनीतिक दबाव बनाने के लिए किया जा रहा है।
राजद ने स्पष्ट किया है कि वह पप्पू यादव की गिरफ्तारी के खिलाफ मजबूती से खड़ा रहेगा और लोकतंत्र व न्याय के लिए अपनी लड़ाई जारी रखेगा।

