जगदलपुर, 08 फरवरी (आरएनएस)। जगदलपुर से सकारात्मक बदलाव की खबर है। बस्तर में मुख्यधारा में लौटे युवाओं को अब तकनीक और स्वरोजगार से जोड़ा जा रहा है। राज्य सरकार ने आत्मसमर्पण कर चुके युवाओं को कौशल प्रशिक्षण के साथ स्मार्टफोन और टूलकिट प्रदान कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में कदम बढ़ाया है।
प्रदेश के उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने बीजापुर जिले के फूड एंड बेवरेज क्षेत्र में प्रशिक्षित 30 पुनर्वासित युवाओं को टूलकिट, स्मार्टफोन और पासिंग आउट सर्टिफिकेट सौंपे। उन्होंने कहा कि आज स्मार्टफोन केवल संचार का माध्यम नहीं, बल्कि सीखने और कमाई का साधन भी है।
सरकार की योजना है कि ये प्रशिक्षित युवा पर्यटन से जुड़े ‘होम स्टेÓ मॉडल में भी भूमिका निभाएं। राज्य की होम स्टे योजना के तहत ग्रामीण परिवार अपने घर में एक कमरा तैयार कर पर्यटकों को ठहरने की सुविधा दे सकते हैं। होटल मैनेजमेंट प्रशिक्षण प्राप्त ये युवा संचालन, सेवा और प्रबंधन में सहयोग कर गांव में ही रोजगार पा सकेंगे।
सरकार का मानना है कि इस तरह के प्रयासों से बस्तर में विकास की नई कहानी लिखी जा रही है, जहां हिंसा की जगह अब कौशल, तकनीक और रोजगार ले रहे हैं।
0

