0 पुलिस ने बताया नोटिस तामील की कार्रवाई
महासमुंद, 08 फरवरी (आरएनएस)। जिले के घोड़ारी क्षेत्र में मध्याह्न भोजन रसोइया महासंघ की प्रदेश अध्यक्ष नीलू ओगरे को लेकर विवाद की स्थिति बन गई है। नीलू ओगरे का कहना है कि 7 फरवरी की सुबह से उनके घर के बाहर पुलिस तैनात है और उन्हें बाहर जाने की अनुमति नहीं दी जा रही। उन्होंने इसे नजरबंदी जैसी स्थिति बताते हुए कहा कि वे फिलहाल किसी आंदोलन या हड़ताल में शामिल नहीं हैं।
नीलू ओगरे के अनुसार, संघ की मांगों को लेकर समय-समय पर आंदोलन जरूर होते हैं, लेकिन अभी कोई कार्यक्रम निर्धारित नहीं है। इसके बावजूद उनके घर के भीतर और बाहर महिला व पुरुष पुलिसकर्मियों की मौजूदगी को लेकर उन्होंने सवाल उठाए हैं।
वहीं पुलिस प्रशासन ने नजरबंदी के आरोपों से इनकार किया है। पुलिस का कहना है कि अभनपुर थाना क्षेत्र में दर्ज एक मामले से संबंधित नोटिस तामील करने के लिए टीम वहां गई थी। साथ ही गांव में अवैध शराब के खिलाफ चल रहे अभियान के चलते भी पुलिस की तैनाती बताई गई है।
फिलहाल इस पूरे घटनाक्रम को लेकर दोनों पक्षों के बयान सामने आने के बाद मामला चर्चा में है।
0

