रायपुर/तिल्दा नेवरा | 8 फरवरी 2026(आरएनएस) उधारी की रकम नहीं मिली तो युवकों ने हैवानियत की हदें पार कर दीं। आधी रात घर का दरवाजा तोड़कर धारदार चाकुओं से लैस होकर जानलेवा हमला करने के सनसनीखेज मामले में तिल्दा नेवरा पुलिस ने अपराध क्रमांक 54/2025 के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए इन्द्रा सांवरा, विजय ध्रुव और वेदनारायण यादव उर्फ वेदू को उनके एक नाबालिग साथी के साथ गिरफ्तार कर लिया।
यह मामला धारा 109(1), 331(6), 296, 115(2), 351(3), 3(5) बीएनएस एवं धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से धारदार चाकू एवं घटना में प्रयुक्त करीब 70 हजार रुपये मूल्य की स्कूटी भी जप्त की है।
पुलिस के अनुसार आरोपी इन्द्रा सांवरा (19 वर्ष), विजय ध्रुव (19 वर्ष) और वेदनारायण यादव उर्फ वेदू (21 वर्ष) अपने विधि से संघर्षरत नाबालिग साथी के साथ मिलकर तुलसी नेवरा निवासी दुर्गेश धृतलहरे से उधारी की रकम वसूलने उसके घर पहुंचे थे। रकम लौटाने से इनकार करने पर आरोपियों ने हत्या की नीयत से घर का दरवाजा बलपूर्वक तोड़ते हुए अंदर घुसपैठ की।
घर में घुसते ही आरोपियों ने चाकू लहराकर आतंक मचाया, गाली-गलौच करते हुए हाथ-मुक्कों से मारपीट की और अंततः चाकू से वार कर पीड़ित की बाईं जांघ में गंभीर चोट पहुंचा दी। अचानक हुए इस हमले से इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 एवं पेट्रोलिंग टीम तत्काल मौके पर पहुंची और खून से लथपथ घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तिल्दा नेवरा ले जाया गया, जहां उसका उपचार कराया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना तिल्दा नेवरा पुलिस ने तत्काल अपराध पंजीबद्ध कर आरोपियों की तलाश शुरू की।
पुख्ता मुखबिर सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर तीनों आरोपियों एवं उनके नाबालिग साथी को दबोच लिया। पूछताछ में आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त धारदार चाकू बरामद किए गए। तीनों आरोपियों को माननीय न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया, जबकि नाबालिग के विरुद्ध किशोर न्याय अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) रायपुर श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रशांत शुक्ला एवं एसडीओपी विधानसभा वीरेन्द्र चतुर्वेदी के निर्देशन में यह त्वरित कार्रवाई की गई, जिससे आरोपियों को चंद घंटों में गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी
इन्द्रा सांवरा (19 वर्ष), निवासी तुलसी नेवरा
विजय ध्रुव (19 वर्ष), निवासी तुलसी नेवरा
वेदनारायण यादव उर्फ वेदू (21 वर्ष), निवासी तुलसी नेवरा
01 विधि से संघर्षरत बालक


















