लखनऊ 8 फरवरी (आरएनएस )।समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि आगामी बजट सत्र में समाजवादी पार्टी के विधायक बढ़ती महंगाई, भ्रष्टाचार, बेरोजगारी, महिलाओं की सुरक्षा और जनता से जुड़े तमाम अहम मुद्दों पर सरकार को कठघरे में खड़ा करेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रदेश की जनता भाजपा सरकार से पूरी तरह निराश हो चुकी है और अब सरकार के पास देने के लिए कुछ भी नहीं बचा है।समाजवादी पार्टी के राज्य मुख्यालय, लखनऊ में विधायकों की बैठक के बाद आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में अखिलेश यादव ने प्रदेश की कानून व्यवस्था को पूरी तरह ध्वस्त बताया। उन्होंने कहा कि अपराध अपने चरम पर है और हालात यह हैं कि अपराधी जेलों से भाग रहे हैं। कोडीन सिरप जैसे मामलों में बड़े पैमाने पर सत्ताधारी दल से जुड़े लोगों के नाम सामने आ रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जो अपराधी जेल से भागे हैं, उन्हें भगाने में बड़े-बड़े अधिकारियों की भूमिका है। यह सब इसलिए हो रहा है क्योंकि सरकार को पता है कि उसके दिन अब गिने-चुने रह गए हैं और सभी अपने-अपने लिए सुरक्षित रास्ते तलाशने में लगे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसी बातें सामने आ रही हैं कि अपराधी को बाकायदा स्कॉर्ट करके सीधे नेपाल तक पहुंचा दिया गया।अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार ने रियल एस्टेट की वैल्यू बढ़ाकर आम जनता पर एक और बोझ डाल दिया है। इतने वर्षों के शासन के बाद भी भाजपा जनता की उम्मीदों पर खरी नहीं उतर सकी है। उन्होंने कहा कि यह सरकार का आखिरी बजट है और जनता को इससे कोई उम्मीद नहीं है, क्योंकि भाजपा सरकार को न किसान की फिक्र है और न नौजवान की। अगर सरकार को जनता की चिंता होती तो क्या महंगाई इस कदर बेलगाम हो जाती। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या सोना इतना महंगा होता, क्या रोजमर्रा का हर सामान गरीब की पहुंच से बाहर चला जाता। हालात यह हैं कि गरीब परिवार अपनी बेटियों की शादी तक नहीं कर पा रहे हैं। व्यंग्य करते हुए उन्होंने कहा कि अगर यही स्थिति रही तो लोगों को लोहे पर पीतल चढ़ाकर पहनना पड़ेगा।अमेरिका के साथ हुई ट्रेड डील पर तीखा हमला करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि यह डील नहीं बल्कि ढील है। इस समझौते से खेती-किसानी पर बड़ा संकट आने वाला है। उन्होंने सवाल किया कि भारत के किसान और एमएसएमई अमेरिका जैसे देश से कैसे मुकाबला करेंगे, जब सरकार उनकी कोई मदद नहीं कर रही है। इस ट्रेड डील से किसान, छोटे उद्योग और एमएसएमई बुरी तरह प्रभावित होंगे और बाजार पूरी तरह बर्बाद हो जाएगा। उन्होंने कहा कि कोई यह बताए कि जीरो बड़ा है या 18 फीसदी। अमेरिका भारत से जाने वाले उत्पादों पर 18 फीसदी टैरिफ लगाएगा, जबकि वहां से आने वाले सामान पर जीरो टैरिफ होगा। इसके बावजूद भाजपा सरकार जनता को भ्रमित करने के लिए आंकड़ों का पहाड़ा पढ़ा रही है।अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने देश और प्रदेश का पूरा बाजार विदेशियों के हाथों में सौंप दिया है। एनीमल फीड से लेकर खाने वाले तेल तक के लिए रास्ते खोल दिए गए हैं, जिससे घरेलू उत्पादकों और किसानों पर सीधा असर पड़ेगा। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी ही किसानों, नौजवानों, महिलाओं और आम जनता के हितों की सच्ची लड़ाई लड़ रही है और आने वाले समय में सरकार की जनविरोधी नीतियों को पूरी मजबूती से बेनकाब किया जाएगा।

