भोर से लाइन में लगे लोग
ईद और नवरात्रि की खुशियां मनाने को गैस नहीं
प्रयागराज 18 मार्च (आरएनएस)। ईद और नवरात्रि जैसे बड़े त्योहार सिर पर हैं, लेकिन रसोई गैस की किल्लत ने लोगों की खुशियों पर पानी फेर दिया है। ईरान, अमेरिका और इजरायल के बीच बढ़े तनाव का असर अब सीधे आम जनता की रसोई तक पहुंच रहा है। एलपीजी सिलेंडरों की आपूर्ति प्रभावित होने से शहर में हालात बिगड़ते जा रहे हैं।
गैस एजेंसियों के बाहर सुबह से ही लंबी-लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं। स्थिति यह है कि लोग गैस की गाड़ी आने से पहले ही भोर से लाइन में लग जा रहे हैं। रोजेदार जहां रोजे के बीच सिलेंडर के लिए संघर्ष कर रहे हैं, वहीं नवरात्रि का व्रत रखने वाले भी घंटों लाइन में खड़े रहने को मजबूर हैं। कई लोग अपने साथ पानी और चाय लेकर इंतजार कर रहे हैं, ताकि लंबे समय तक लाइन में टिक सकें।
त्योहारों के इस समय में गैस की कमी ने लोगों की चिंता और बढ़ा दी है। उपभोक्ताओं का आरोप है कि किल्लत के चलते कालाबाजारी भी बढ़ सकती है। हालांकि प्रशासन इन दावों से इनकार कर रहा है। जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने कहा है कि गैस की कोई कमी नहीं है और कालाबाजारी रोकने के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं।
इसके बावजूद जमीनी हालात प्रशासनिक दावों से अलग नजर आ रहे हैं। गैस संकट के चलते लोगों का धैर्य जवाब दे रहा है और त्योहार की तैयारियां भी प्रभावित हो रही हैं। अगर जल्द ही हालात नहीं सुधरे, तो ईद और नवरात्रि की खुशियां फीकी पड़ सकती हैं।

