गोण्डा 8 फरवरी। जनपद के थाना क्षेत्र परसपुर अंतर्गत ग्राम मधईपुर खांडेराय में शनिवार/रविवार की देर रात अज्ञात कारणों से एक छप्पर में आग लग गई। घटना रात लगभग एक बजे की बताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मधईपुर खांडेराय निवासी मंगल सिंह के घर के सामने रखे छप्पर में अचानक आग भड़क उठी। छप्पर के भीतर भैंस बंधी हुई थी। आग की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तत्परता दिखाते हुए बंधी हुई भैंस की रस्सी काटकर उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
हालांकि ग्रामीणों के प्रयास के बावजूद आग पर काबू नहीं पाया जा सका और छप्पर पूरी तरह जलकर राख हो गया। इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन पीडि़त को छप्पर के जल जाने से नुकसान उठाना पड़ा है। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है।

