कोलकाता 8 फरवरी (आरएनएस)। उत्तर 24 परगना के बैरकपुर में अवैध निर्माण को केन्द्र कर स्थानीय पार्षद के द्वारा लात मारने से एक बुजुर्ग की मौत के बाद इलाके में लोगों का गुस्सा जहां फूट पड़ा। वहीं उक्त घटना को लेकर इलाके में तनाव पसर गया है। पुलिस व स्थानीय लोगों की माने तो उक्त घटना नॉर्थ बैरकपुर नगरपालिक के वार्ड नंबर 23 में घटी। पार्षद और पेशे से वकील रवींद्रनाथ भट्टाचार्य को पुलिस ने हिरासत में ले लिया था और उक्त खबर के लिखे जाने तक उनसे पूछताछ चल रही थी। पार्षद और पेशे से वकील रवींद्रनाथ भट्टाचार्य ने दावा किया है कि सभी आरोप बेबुनियाद हैं। पार्षद रवींद्रनाथ भट्टाचार्य ने कहा, मुझ पर लगाए गए आरोप पूरी तरह से झूठे हैं। मैंने किसी को नहीं मारा। राजनीतिक कारणों से उन्हें बदनाम किया जा रहा है। बैरकपुर मणिरामपुर इलाके में रहने वाले तुलसी अधिकारी के परिजनों ने शिकायत की कि उनके घर के सामने कुछ समय से अवैध निर्माण का काम चल रहा था। तुलसी अधिकारी ने काम रुकवा दिया। आरोप है कि खबर मिलने पर पार्षद रवींद्रनाथ भट्टाचार्य मौके पर पहुंचे। शिकायत करने वाले के मुताबिक, वहां पहुंचते ही उन्होंने तुलसी अधिकारी और उनके बेटे हेमंत अधिकारी को पीटना शुरू कर दिया। मृतक के परिवार का दावा है कि पार्षद ने तुलसी अधिकारी को कई बार लात मारी । ऐसे में तुलसी जमीन पर गिर गए। उन्हें तुरंत बैरकपुर कैंटोनमेंट जगदीश चंद्र बोस हॉस्पिटल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने उनकी जांच की और उन्हें मृत घोषित कर दिया। उक्त घटना के बाद से इलाके में काफी हंगामा मचा गया और स्थानीय लोगों में गुस्सा फैल गया। लोग घटना की जांच के लिए सीसीटीवी फुटेज की जांच की मांग कर रहे है। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

