रायपुर, 08 फरवरी (आरएनएस)। रायपुर में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने वामपंथी उग्रवाद की स्थिति को लेकर उच्चस्तरीय सुरक्षा समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। इस दौरान राज्य में चल रहे विकास कार्यों की प्रगति पर भी अलग से चर्चा हुई। बैठक में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, केंद्रीय व राज्य के वरिष्ठ अधिकारी और विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों के प्रमुख मौजूद रहे।
बैठक को संबोधित करते हुए अमित शाह ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की सुरक्षा-केंद्रित रणनीति, बुनियादी ढांचे के विस्तार, नक्सली वित्तीय नेटवर्क पर कार्रवाई और आत्मसमर्पण नीति के सकारात्मक नतीजे सामने आए हैं। उन्होंने भरोसा जताया कि 31 मार्च 2026 से पहले देश नक्सलवाद से पूरी तरह मुक्त हो जाएगा।
गृह मंत्री ने कहा कि कभी नक्सली हिंसा के लिए चर्चित रहा छत्तीसगढ़ अब विकास की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने युवाओं की खेल, फॉरेंसिक और तकनीकी शिक्षा में बढ़ती भागीदारी का उल्लेख करते हुए इसे बदलाव का संकेत बताया।
उन्होंने विभिन्न राज्यों और केंद्रीय एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय की आवश्यकता पर जोर दिया, ताकि बचे हुए उग्रवादी दूसरे राज्यों में शरण न ले सकें। शाह ने कहा कि नक्सल प्रभावित इलाकों के लोगों तक विकास के समान अवसर पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है।
0


















