38 प्रतिबंधित नशीली टेबलेट के साथ युवक गिरफ्तार, नॉर्थ ज़ोन पुलिस का प्रहार 15 हजार की खेप जब्त, नशे के कारोबारियों में मचा हड़कंप
रायपुर, 8 फरवरी 2026 (आरएनएस) नशे के खिलाफ रायपुर कमिश्नरेट की मुहिम लगातार तेज़ होती जा रही है। पुलिस उपायुक्त (नॉर्थ ज़ोन) श्री मयंक गुर्जर (भा.पु.से.) के दिशा-निर्देश में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और खरीदी-बिक्री पर करारी चोट करते हुए थाना खम्हारडीह पुलिस ने प्रतिबंधित नशीली टेबलेट के साथ एक युवक को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार दिनांक 08 फरवरी 2026 को थाना खम्हारडीह पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि चंडी नगर स्थित खाली मैदान के पास एक युवक प्रतिबंधित नशीली टेबलेट लेकर कहीं जाने की फिराक में खड़ा है। सूचना की तस्दीक के बाद अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त नॉर्थ ज़ोन श्री आकाश मरकाम एवं सहायक पुलिस आयुक्त उरला सुश्री पूर्णिमा लामा के निर्देशन में टीम को तत्काल कार्रवाई के लिए रवाना किया गया।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर मुखबिर द्वारा बताए गए हुलिये के व्यक्ति को चिन्हांकित कर पकड़ा। पूछताछ में युवक ने अपना नाम गौरव राधवानी निवासी खम्हारडीह बताया। तलाशी लेने पर उसके पास से 38 नग प्रतिबंधित नशीली टेबलेट (निट्राजेपैम) बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 15,200 रुपये बताई गई है,जब पुलिस टीम ने आरोपी से प्रतिबंधित नशीली टेबलेट रखने और बिक्री से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा तो वह कोई भी वैध कागजात पेश नहीं कर सका और पुलिस को गुमराह करने का प्रयास करता रहा। इसके बाद आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध थाना खम्हारडीह में अपराध क्रमांक 38/2026, धारा 21(क), 22 नारकोटिक एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की है, गिरफ्तार आरोपी की पहचान गौरव राधवानी पिता केवल राधवानी, उम्र 21 वर्ष, निवासी शिव मंदिर, व्ही.आई.पी. स्टेट कॉलोनी, थाना खम्हारडीह, रायपुर के रूप में की गई है।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट संदेश दिया है कि नशे के अवैध कारोबार में लिप्त लोगों के विरुद्ध आगे भी सख़्त, निरंतर और निर्णायक कार्रवाई जारी रहेगी।

