14.74 लाख की मशरूका जब्त—क्रेटा कार, चार बाइक और नकदी पर चला पुलिस का हथौड़ा,मंदिर हसौद में जुआ-सट्टा पर सख़्ती, अपराधियों में मचा हड़कंप
रायपुर 8 फरवरी 2026 (आरएनएस) जिले में जुआ और सट्टा जैसी अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर लगातार सघन अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा थाना मंदिर हसौद पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में ताश के पत्तों पर हार-जीत का दांव लगाते चार जुआरियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया है।दिनांक 07 फरवरी 2026 को एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट को मुखबिर से सूचना मिली कि थाना मंदिर हसौद क्षेत्र अंतर्गत गैस गोदाम के पास कुछ लोग खुलेआम ताशपत्ती से रुपये का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना की पुष्टि होते ही वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में संयुक्त टीम ने मौके पर दबिश दी और जुआ खेलते चार आरोपियों को धर दबोचा।पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से नकद 4,200 रुपये, ताशपत्ती, 04 मोटर सायकल तथा 01 क्रेटा कार जब्त की है। जप्त मशरूका की कुल कीमत लगभग 14 लाख 74 हजार 200 रुपये आंकी गई है, जिससे इलाके में खलबली मच गई,गिरफ्तार आरोपियों में प्रतीक चंद्राकर (28) कौशल चंद्राकर (45) संजय जायसवाल (35) राजेश साहू (28) शामिल हैं, सभी निवासी तेलीबांधा थाना क्षेत्र, रायपुर।चारों आरोपियों के विरुद्ध थाना मंदिर हसौद में अपराध क्रमांक 61/26, धारा 3(2) छत्तीसगढ़ राज्य जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।पुलिस अधिकारियों ने साफ कहा है कि जुआ-सट्टा जैसी अवैध गतिविधियों में लिप्त लोगों के विरुद्ध आगे भी इसी तरह सख़्त और निरंतर कार्रवाई जारी रहेगी।