रेलवे स्टेशन, अस्पताल, शराब ठेके—सेंट्रल ज़ोन में अपराधियों पर पुलिस का शिकंजा कसता जा रहा
नशे में उपद्रव, चाकू लहराने और डराने वालों पर ‘ज़ीरो टॉलरेंस’ का ऐलान
रायपुर 8 फरवरी 2026(आरएनएस) सार्वजनिक स्थानों पर बढ़ते अपराध, लूट, भय और उपद्रव की घटनाओं पर लगाम कसने के लिए रायपुर कमिश्नरेट के डीसीपी सेंट्रल ज़ोन के निर्देश पर सेंट्रल ज़ोन पुलिस द्वारा विशेष सघन अभियान लगातार जारी है। इस अभियान के तहत शराब ठेकों, रेलवे स्टेशन, अस्पताल परिसरों, स्टेशन एरिया एवं अन्य भीड़भाड़ वाले सार्वजनिक स्थलों पर प्रतिदिन आकस्मिक चेकिंग की जा रही है,इसी कड़ी में दिनांक 06 फरवरी 2026 को थाना गंज पुलिस ने स्टेशन एरिया में नशे की हालत में उपद्रव मचाने वाले तीन व्यक्तियों पर कड़ी कार्रवाई की। पुलिस ने
अरूण सोनकर (28 वर्ष) निवासी लोधीपारा,
राजेश वर्मा (23 वर्ष) निवासी शैलेंद्र नगर तथा
अरूण पटेल (28 वर्ष) निवासी गोपियां पारा
के विरुद्ध भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 170/126 एवं 135(3) के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की,शराब भट्ठी के पास चाकू लेकर घूम रहा युवक गिरफ्तार अभियान के तहत आज थाना गंज पुलिस ने फाफाडीह शराब भट्ठी के पास आकस्मिक चेकिंग के दौरान नवीन कुमार सामल (25 वर्ष) निवासी कर्मा चौक, थाना गुढ़ियारी को गिरफ्तार किया। आरोपी के पास से एक चाकू एवं नशे में उपयोग होने वाला सॉल्यूशन बरामद किया गया। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी गुढ़ियारी क्षेत्र से शराब भट्ठी के पास पहुंचकर चाकू दिखाकर श्रमिकों व राहगीरों को डराने-धमकाने तथा पैसे छीनने की नीयत से मौजूद था। आरोपी के विरुद्ध आर्म्स एक्ट सहित अन्य वैधानिक धाराओं के अंतर्गत कार्रवाई की गई है।
मौदहापारा में भी चाकूबाज़ों पर कार्रवाई वहीं दिनांक 06 फरवरी 2026 को थाना मौदहापारा पुलिस ने आकस्मिक चेकिंग के दौरान दो युवकों—अग्नि यादव (18 वर्ष) एवं मुकेश यादव (18 वर्ष), दोनों निवासी दलदल सिवनी—के कब्जे से धारदार चाकू बरामद किए। पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध धारा 25 आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया।
पुलिस का साफ संदेश—कानून हाथ में लिया तो बख्शे नहीं जाएंगे
सेंट्रल ज़ोन पुलिस ने स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी है कि सार्वजनिक स्थानों पर हथियार लेकर घूमने, नशा कर उपद्रव मचाने, डराने-धमकाने एवं कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के विरुद्ध शून्य सहनशीलता की नीति के तहत आगे भी सख़्त और निर्णायक कार्रवाई जारी रहेगी।


















