कोलकाता 9 फरवरी (आरएनएस)। उत्तर 24 परगना जिले के बारासात स्थित दक्षिणपाड़ा रोड पर शीतलातला मंदिर के समीप मुखर्जी परिवार के आवास पर आयकर विभाग के अधिकारियों ने छापेमारी अभियान चलाया। अचानक हुई इस कार्रवाई से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, उक्त मकान में चार भाई अपने-अपने परिवार के साथ रहते हैं, जबकि परिवार का एक सदस्य लेक टाउन इलाके में निवास करता है। प्रारंभिक तौर पर माना जा रहा है कि परिवार के एक सदस्य सत्यनारायण मुखर्जी के जमीन खरीद-बिक्री और प्रमोटिंग व्यवसाय से जुड़े होने के कारण यह आयकर कार्रवाई की गई हो सकती है। हालांकि, किस ठोस शिकायत या सूचना के आधार पर यह तलाशी ली जा रही है, इस संबंध में आयकर विभाग की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। सुबह से ही मकान के भीतर और बाहर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई और बाहरी लोगों के प्रवेश पर रोक लगा दी गई। आयकर विभाग की कई गाडिय़ों को इलाके में आते-जाते देखा गया। पड़ोसियों ने बताया कि तड़के अचानक हुई इस कार्रवाई के कारण पहले तो वे कुछ समझ ही नहीं पाए।
अनुमान लगाया जा रहा है कि तलाशी अभियान दोपहर तक जारी रह सकता है। फिलहाल आयकर विभाग की कार्रवाई को लेकर स्थानीय लोगों में तरह-तरह की चर्चाएं चल रही हैं।

