बांकुड़ा 9 फरवरी (आरएनएस)। जिले में एक प्रवासी श्रमिक की रहस्यमयी मौत से इलाके में सनसनी फैल गई है। युवक का शव उसके ही घर के फर्श पर ढका हुआ बरामद हुआ है। मृतक की पहचान संदीप मुदी (26) के रूप में हुई है। मृतक के सिर पर कई चोटों के निशान मिलने के बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। सूचना पाकर पुलिस ने शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
वह दूसरे राज्य में मजदूरी का काम करता था और कुछ दिन पहले ही खातड़ा ब्लॉक के दहला क्षेत्र अंतर्गत बीरखाम गांव स्थित अपने घर लौटा था। शनिवार को संदीप घर में अकेला था, जबकि उसके माता-पिता रिश्तेदार के घर गए हुए थे। सुबह से संदीप का फोन बंद मिलने पर परिजन चिंतित हो गए। शाम को उन्होंने पड़ोसियों से घर जाकर हालचाल लेने को कहा। पड़ोसियों ने कई बार दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद सीढ़ी के सहारे छत पर चढ़कर अंदर झांकने पर घर के भीतर फर्श पर रक्त रंजित हालत में संदीप का शव पड़ा मिला। घर का दरवाजा अंदर से बंद था। घटना की सूचना मिलते ही खातड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और संदीप को खातड़ा अनुमंडलीय अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस ने मामले में अस्वाभाविक मौत का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

