तेहरान ,10 फरवरी। अमेरिका और ईरान के बीच जारी तनाव के बीच ईरान से एक बेहद संवेदनशील और चिंताजनक मामला सामने आया है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, एक ईरानी युवक ने सोशल मीडिया पर वीडियो संदेश साझा करने के कुछ समय बाद अपनी जान दे दी। वीडियो में युवक ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से ईरान के धार्मिक शासन के साथ किसी भी तरह के समझौते से परहेज करने की अपील की थी।
ईरानी मीडिया ने युवक की पहचान पूरिया हमीदी के रूप में की है, जो ईरान के दक्षिणी बंदरगाह शहर बुशहर का निवासी बताया जा रहा है। करीब 10 मिनट 44 सेकंड के वीडियो में हमीदी ने ईरान में हाल के वर्षों में हुए विरोध प्रदर्शनों और उन पर की गई कथित कार्रवाई की ओर अंतरराष्ट्रीय समुदाय का ध्यान आकर्षित करने की कोशिश की।
यूट्यूब पर पोस्ट किया गया भावुक वीडियो
हमीदी ने 5 फरवरी को अपने यूट्यूब चैनल ‘क्कशशह्म्ङ्घ ङ्गÓ पर यह वीडियो साझा किया था। वीडियो में उन्होंने कहा, अगर आप यह देख रहे हैं, तो संभव है कि मैं अब इस दुनिया में न रहूं। उन्होंने दावा किया कि ईरान में विरोध प्रदर्शनों के दौरान हजारों लोगों की जान गई है और इन घटनाओं को वैश्विक स्तर पर नजरअंदाज किया गया। वीडियो के कैप्शन में उन्होंने लिखा, यह मेरा बलिदान है—कृपया मेरे देश को आज़ाद कराइए।
अमेरिकी नेतृत्व से समझौते के खिलाफ अपील
अंग्रेजी में रिकॉर्ड किए गए वीडियो में हमीदी ने अमेरिकी नेतृत्व से सीधे अपील करते हुए कहा कि ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई के नेतृत्व वाली सरकार से किसी भी तरह का समझौता उन लोगों के साथ अन्याय होगा, जो विरोध प्रदर्शनों के दौरान मारे गए। उन्होंने कहा कि ईरानी नागरिकों ने अंतरराष्ट्रीय समर्थन की उम्मीद में विरोध किया, लेकिन हालात उनके लिए और कठिन हो गए। हमीदी ने यह भी कहा कि ईरानी जनता मौजूदा शासन के खिलाफ अकेले संघर्ष नहीं कर सकती और उन्हें बाहरी समर्थन की आवश्यकता है।
रेजा पहलवी के समर्थन की बात
वीडियो में हमीदी ने ईरान से निर्वासित रेजा पहलवी का समर्थन करते हुए उन्हें एक संभावित अंतरिम व्यवस्था के लिए उपयुक्त विकल्प बताया। उन्होंने ईरान में युवाओं की निराशा, भविष्य को लेकर असुरक्षा और मानसिक दबाव की भी बात की।
वीडियो के बाद युवक की मौत
ईरान इंटरनेशनल सहित कई मीडिया संस्थानों की रिपोर्ट के अनुसार, वीडियो साझा करने के बाद हमीदी की मृत्यु हो गई। हालांकि, आधिकारिक स्तर पर इस मामले से जुड़ी विस्तृत जानकारी अभी सामने नहीं आई है।
विरोध प्रदर्शनों के बाद सख्त कार्रवाई
हमीदी की मौत ऐसे समय पर सामने आई है, जब ईरान में हालिया विरोध प्रदर्शनों के बाद सरकार ने कार्रवाई तेज कर दी है। हजारों लोगों की गिरफ्तारी की खबरें सामने आई हैं। हाल के दिनों में नोबेल शांति पुरस्कार विजेता नरगिस मोहम्मदी की सजा बढ़ाए जाने और वरिष्ठ असंतुष्ट नेता मेहदी करौबी के बेटे की गिरफ्तारी ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चिंता बढ़ा दी है। 1979 की इस्लामी क्रांति के बाद ईरान में हाल के वर्षों में हुए ये विरोध प्रदर्शन सबसे व्यापक माने जा रहे हैं।
00
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी


















