सारंगढ़–बिलाईगढ़/भटगांव | 10 फरवरी 2026(आरएनएस) भटगांव थाना क्षेत्र में इलेक्ट्रॉनिक दुकान में चोरी कर साक्ष्य मिटाने की नीयत से आगजनी करने की गंभीर वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है। प्रकरण में प्रार्थी वार्ड क्रमांक 02 भटगांव निवासी जानू केसरवानी ने थाना भटगांव में लिखित शिकायत दर्ज कराई कि उनकी इलेक्ट्रॉनिक एवं फर्नीचर की दुकान बड़े तालाब के सामने स्थित है, दिनांक 08 फरवरी 2026 की रात्रि लगभग 09:30 बजे दुकान बंद कर वे अपने घर चले गए थे, रात्रि करीब 03:00 बजे पड़ोसी दुकान श्रीराम ज्वेलर्स के संचालक आलोक सोनी ने फोन कर सूचना दी कि दुकान के गोदाम में आग लगी हुई है, सूचना पर मौके पर पहुंचने पर देखा गया कि गोदाम में रखा सामान आग की चपेट में आकर पूरी तरह जल चुका था, आगजनी की इस घटना में गोदाम में रखी झालर लाइट की 03 पेटियां, इलेक्ट्रॉनिक टॉर्च की 02 पेटियां एवं 02 स्टैंड फैन पूरी तरह नष्ट हो गए।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस द्वारा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई, पास की दुकान के संचालक टिकेश्वर साहू के सीसीटीवी फुटेज में रात्रि लगभग 01:32 बजे एक युवक गोदाम का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश करते, जानबूझकर आग लगाते तथा चोरी कर फरार होते स्पष्ट रूप से दिखाई दिया, फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान दिनेश पटेल पिता अर्जुन पटेल उम्र 26 वर्ष निवासी वार्ड क्रमांक 06 नगर पंचायत भटगांव के रूप में की गई, आरोपी द्वारा आई-मी कंपनी का 43 इंच एलईडी टीवी कीमत लगभग ₹20,000 एवं हैवल्स कंपनी का मिक्सर-ग्राइंडर कीमत लगभग ₹8,500 कुल ₹28,500 मूल्य का सामान चोरी किया गया।
शिकायत एवं उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर थाना भटगांव में आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 305, 326(g) एवं 331(4) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई, विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपी को तत्काल गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
इस संपूर्ण कार्रवाई में थाना प्रभारी शिवकुमार धारी, सउनि बृजमोहन कश्यप, आरक्षक घनश्याम डड़सेना, भूपेंद्र साहू, राहुल खूंटे, खेलावन बघेल एवं लक्ष्मीकांत तंजय की सराहनीय भूमिका रही।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी


















