-अपने दसवें बजट में खोला खजाना, 250 करोड़ का ऐलान
-अयोध्या के पर्यटन को लगेंगे पंख, 100 करोड़ का बजट प्रस्तावित
-अयोध्या तीर्थ क्षेत्र विकास परिषद के लिए भी 150 करोड़ की व्यवस्था
अयोध्या 11 फरवरी (आरएनएस)। योगी आदित्यनाथ सरकार ने बजट में रामनगरी अयोध्या के सर्वांगीण विकास और पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए कुल 250 करोड़ रुपये की विशेष व्यवस्था की है। यह घोषणा अयोध्या को वैश्विक पर्यटन स्थल बनाने की दिशा में सरकार की मजबूत प्रतिबद्धता को भी दर्शाती है। बजट भाषण में वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने बताया कि श्री अयोध्या तीर्थ विकास परिषद द्वारा अयोध्या क्षेत्र में पर्यटन अवस्थापना (इंफ्रास्ट्रक्चर) के विकास के लिए 150 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। इस राशि से राम मंदिर परिसर के आसपास बेहतर सड़कें, पार्किंग, प्रकाश व्यवस्था, शौचालय, पेयजल सुविधाएं, गेस्ट हाउस और अन्य पर्यटक सुविधाओं का विस्तार होगा। परिषद के माध्यम से अयोध्या को स्मार्ट और आधुनिक तीर्थ नगरी के रूप में विकसित करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है, ताकि लाखों श्रद्धालुओं को सुगम और सुरक्षित दर्शन का अनुभव मिल सके। इसके अतिरिक्त अयोध्या के सर्वांगीण विकास के लिए अलग से 100 करोड़ रुपये की व्यवस्था प्रस्तावित की गई है। इस धनराशि से शहर के अन्य हिस्सों में बुनियादी ढांचे का सुदृढ़ीकरण, स्वच्छता अभियान, हरित क्षेत्रों का विस्तार, निर्माण और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत करने वाली योजनाएं चलाई जाएंगी। अयोध्या को स्मार्ट सिटी के रूप में विकसित करने की पहल में भी इसे शामिल किया गया है। सरकार के इस फैसले से अयोध्या में पर्यटन उद्योग को नई गति मिलने की उम्मीद है। अयोध्या तीर्थ विकास परिषद के मुख्य कार्यपालक अधिकारी जयेंद्र कुमार ने बताया कि बजट मिलने के बाद कार्यों को गति मिलेगी। राम मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा के बाद यहां श्रद्धालुओं और पर्यटकों की संख्या में भारी वृद्धि हुई है। रोजाना लाखों लोग दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं, जिससे स्थानीय व्यापार, होटल, परिवहन और रोजगार के अवसर बढ़े हैं। बजट में दिए गए इस अतिरिक्त फंड से अयोध्या न केवल आध्यात्मिक केंद्र बनेगा, बल्कि आर्थिक रूप से भी मजबूत होगा।
जन सामान्य ही नहीं संतों में भी उत्साह : महंत राकेश तिवारी
स्थानीय लोग और संत समाज इस घोषणा से बेहद उत्साहित हैं। अयोध्या के निवासियों का कहना है कि योगी सरकार के नेतृत्व में रामनगरी अब वैश्विक स्तर पर चमकेगी। पर्यटन विशेषज्ञों का मानना है कि 250 करोड़ का यह फंड अयोध्या को अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर और मजबूती से स्थापित करेगा। ज्योतिष पीठाधीश्वर महंत राकेश तिवारी ने कहा कि योगी सरकार ने एक बार फिर साबित किया कि राम भक्ति सिर्फ भावनाओं तक सीमित नहीं, बल्कि विकास की ठोस योजना भी है। 250 करोड़ का यह फंड अयोध्या को और सुंदर, सुगम और आधुनिक बनाएगा। राम मंदिर आने वाले करोड़ों श्रद्धालुओं को अब बेहतर सड़कें, पार्किंग, प्रकाश और अन्य सुविधाएं मिलेंगी। यह बजट भगवान राम की नगरी को सच्चे अर्थों में Óराम राज्यÓ का प्रतीक बनाने की दिशा में है। हम संत समाज और स्थानीय लोग मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार व्यक्त करते हैं। अब अयोध्या न सिर्फ आस्था का केंद्र बनेगी, बल्कि रोजगार और व्यापार का भी बड़ा हब बनेगी।
बजट में अयोध्या के लिए यह बड़ी सौगात : अंजनी गर्ग
अयोध्या।स्थानीय व्यापारी अंजनी गर्ग ने कहा कि बजट में अयोध्या के लिए यह बड़ी सौगात है। प्राण प्रतिष्ठा के बाद यहां पर्यटकों की संख्या कई गुना बढ़ गई है, लेकिन इन्फ्रास्ट्रक्चर की कमी महसूस हो रही थी। 150 करोड़ से तीर्थ विकास परिषद के जरिए नए गेस्ट हाउस, बेहतर सड़कें और पर्यटक सुविधाएं आएंगी, जबकि 100 करोड़ से शहर के अन्य हिस्सों का भी कायाकल्प होगा। इससे हमारा व्यवसाय बढ़ेगा, नए रोजगार पैदा होंगे और स्थानीय अर्थव्यवस्था मजबूत होगी। योगी सरकार ने चुनाव से पहले अयोध्या को प्राथमिकता देकर सही फैसला लिया है। उम्मीद है कि यह राशि जल्द जमीन पर उतरेगी और अयोध्या को अंतरराष्ट्रीय स्तर का पर्यटन स्थल बनाएगी।
धार्मिक पर्यटन से आर्थिक समृद्धि और वैश्विक पहचान का मार्ग : लल्लू सिंह
पूर्व सांसद लल्लू सिंह ने बजट को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि रामनगरी अयोध्या को जो विशेष प्राथमिकता दी गई है, वह प्रदेश सरकार की प्रतिबद्धता का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि धार्मिक पर्यटन के विकास से स्थानीय व्यापार, होटल उद्योग, हस्तशिल्प और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। यह बजट ‘सांस्कृतिक धरोहर के संरक्षण और विकास के संतुलनÓ का उत्कृष्ट उदाहरण है, जो अयोध्या को वैश्विक पहचान दिलाने में सहायक सिद्ध होगा।
ग्रामीण-शहरी संतुलित विकास और बुनियादी सुविधाओं को मजबूती : रोली सिंह
जिला पंचायत अध्यक्ष रोली सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार ने ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों के विकास को समान महत्व दिया है। अयोध्या जिले में सड़कों, पेयजल, स्वास्थ्य केंद्रों और पंचायत स्तर पर आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए किए गए प्रावधान स्वागत योग्य हैं। उन्होंने कहा कि इससे गांवों में भी विकास की गति तेज होगी और आम जनमानस को सीधा लाभ मिलेगा। यह बजट ‘सबका साथ, सबका विकासÓ की भावना को साकार करता है।
रामनगरी के समग्र, सुरक्षित और सुव्यवस्थित विकास का रोडमैप : वेद प्रकाश गुप्ता
विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में अयोध्या निरंतर विकास के पथ पर अग्रसर है। बजट में रामनगरी के लिए पर्यटन, यातायात, सुरक्षा, स्वच्छता और बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ करने के लिए पर्याप्त धनराशि का प्रावधान किया गया है। उन्होंने कहा कि यह बजट अयोध्या को आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और आर्थिक दृष्टि से देश की अग्रणी नगरी बनाने में मील का पत्थर साबित होगा।
विकास, आस्था और आधुनिक आधारभूत संरचना को समर्पित बजट : महानगर अध्यक्ष कमलेश श्रीवास्तव
महानगर अध्यक्ष कमलेश श्रीवास्तव ने उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा प्रस्तुत बजट का स्वागत करते हुए कहा कि यह बजट विकास, आस्था और आधारभूत संरचना को समर्पित है। अयोध्या को पर्यटन, सड़कों, यातायात व्यवस्था, नगर विकास और रामनगरी के सौंदर्यीकरण के लिए विशेष प्रावधान किया जाना प्रदेश सरकार की दूरदर्शिता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में अयोध्या विश्वस्तरीय धार्मिक और सांस्कृतिक राजधानी के रूप में स्थापित हो रही है तथा यह बजट शहर को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगा।
जनकल्याण, रोजगार और समावेशी विकास पर केंद्रित बजट : संजीव सिंह
जिलाध्यक्ष संजीव सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार का यह बजट सर्वस्पर्शी और जनकल्याणकारी है। अयोध्या के विकास के लिए पर्यटन सुविधाओं के विस्तार, सड़क कनेक्टिविटी, स्वास्थ्य सेवाओं और रोजगार सृजन पर विशेष ध्यान दिया गया है। उन्होंने कहा कि यह बजट युवाओं, किसानों, महिलाओं और गरीबों के हितों को ध्यान में रखकर बनाया गया है। अयोध्या को मिली सौगातें जिले की अर्थव्यवस्था को मजबूत करेंगी और स्थानीय लोगों को व्यापक लाभ मिलेगा।
शहरी विकास, स्वच्छता और स्मार्ट इंफ्रास्ट्रक्चर को मिलेगी नई रफ्तार : ऋषिकेश उपाध्याय
पूर्व महापौर ऋषिकेश उपाध्याय ने कहा कि प्रदेश सरकार का यह बजट नगर निकायों और शहरी क्षेत्रों के विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। अयोध्या में स्वच्छता व्यवस्था, सड़क चौड़ीकरण, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, ड्रेनेज और स्मार्ट सुविधाओं के विस्तार के लिए किए गए प्रावधानों से नगर की मूलभूत व्यवस्थाएं और मजबूत होंगी। उन्होंने कहा कि रामनगरी को सुव्यवस्थित, स्वच्छ और आधुनिक शहर बनाने की दिशा में यह बजट निर्णायक भूमिका निभाएगा और नागरिकों को बेहतर जीवन स्तर प्रदान करेगा।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी


















