रायपुर 11 फरवरी 2026(आरएनएस) राजधानी में देर रात शटर गिराकर चोरी-छिपे सामान बेचने और संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त लोगों पर सेंट्रल जोन पुलिस ने सरपट कार्रवाई करते हुए 6 लोगों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई डीसीपी सेंट्रल जोन आईपीएस उमेश प्रसाद गुप्ता के सख्त निर्देश पर की गई,जानकारी के मुताबिक, एक दिन पहले डीसीपी गुप्ता ने स्वयं सिटी कोतवाली क्षेत्र का रात्रिकालीन निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान बंद शटरों के सामने खड़े संदिग्ध व्यक्तियों और नियमों की अनदेखी कर हो रही गतिविधियों पर उन्होंने नाराज़गी जताते हुए तत्काल कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए थे,इसी क्रम में एडिशनल डीसीपी श्री तारकेश्वर पटेल और थाना प्रभारी सिटी कोतवाली निरीक्षक सतीश सिंह अहिरवार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बैजनाथपारा क्षेत्र में गश्त के दौरान दबिश दी। जांच में पाया गया कि निर्धारित समय के बाद 3 दुकानदार शटर गिराकर अंदर से ग्राहकों को सामान उपलब्ध करा रहे थे। वहीं 3 अन्य व्यक्ति बंद दुकानों के सामने संदिग्ध हालत में लेन-देन कर रहे थे। पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर सभी छह को मौके से पकड़ लिया,थाना सिटी कोतवाली में इस्तगासा क्रमांक 32/32/2026 के तहत धारा 170, 126, 135(3) भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। सभी को न्यायालय में पेश किया गया है। गिरफ्तार आरोपी —रमीज रज़ा (30), बैजनाथपारा चौक;
केशव देवांगन (24), बंजारी नगर विद्या चौक; वासु राजपूत (20), हन्तामल कॉलोनी नेहरू नगर;
सैय्यद मदिनी (21), सुभाष नगर, दुर्ग;
फरहान खान (20), शास्त्री मार्केट;
मोह. इम्तियाज (36), बैजनाथपारा चौक।
रायपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि रात्रिकाल में शटर की आड़ में नियमों के विपरीत किसी भी गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सेंट्रल जोन पुलिस की यह कार्रवाई शहर में कानून-व्यवस्था को सख्ती से लागू करने की दिशा में बड़ा संदेश मानी जा रही है।


















