दो आरोपी गिरफ्तार, वारदात में प्रयुक्त चाकू जब्त
रायपुर 11 फरवरी 2026(आरएनएस )राजधानी के औद्योगिक क्षेत्र सिलतरा में मामूली विवाद ने खूनी मोड़ ले लिया। होटल के पास खाना फेंकने को लेकर शुरू हुई कहासुनी ने देखते ही देखते हिंसक रूप धारण कर लिया और एक युवक की जान चली गई। मृतक की पहचान मध्यप्रदेश के अनूपपुर निवासी शिव प्रसाद ध्रुव के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, होटल परिसर के समीप खाना फेंकने की बात को लेकर शिव प्रसाद का होटल के कुक से विवाद हुआ। बात बढ़ने पर कुक ने अपने एक साथी के साथ मिलकर युवक की बेरहमी से पिटाई की। आरोप है कि इस दौरान उस पर धारदार हथियार से भी हमला किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही गिर पड़ा,सूचना पर धरसींवा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मामला दर्ज, दोनों आरोपी गिरफ्तार-घटना के संबंध में थाना धरसींवा में अपराध क्रमांक 91/26 के तहत धारा 103, 351(2), 3(5) भारतीय न्याय संहिता (BNS)के अंतर्गत प्रकरण दर्ज किया गया है।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में पुलिस चौकी सिलतरा एवं एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त चाकू भी जब्त कर लिया है।
गिरफ्तार आरोपी पवन कुमार श्रीवास (35 वर्ष),पिता जयमोहन श्रीवास, निवासी चिल्हाडी पचपेढ़ी, जिला बिलासपुर,सागर साहू (24 वर्ष), पिता कन्हैया साहू, निवासी ग्राम चरोदा, थाना धरसींवा, रायपुर।
पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच जारी है।
छोटे विवाद, बड़ी वारदात यह घटना एक बार फिर बताती है कि क्षणिक आवेश और मामूली झगड़े किस तरह जानलेवा बन सकते हैं। राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (NCRB) के अनुसार वर्ष 2023 में देशभर में 27,721 हत्या के मामले दर्ज किए गए। हत्या के मामलों में सबसे प्रमुख कारण आपसी विवाद और झगड़े रहे हैं।
छत्तीसगढ़ में चिंताजनक तस्वीर NCRB के आंकड़ों के मुताबिक छत्तीसगढ़ में हत्या दर राष्ट्रीय औसत से अधिक दर्ज की गई है। वर्ष 2023 में राज्य में 73 हत्या के मामले दर्ज हुए और हत्या दर लगभग 3.4 प्रति एक लाख आबादी रही। विशेषज्ञों का मानना है कि राज्य में छोटे विवादों का हिंसक घटनाओं में बदलना एक गंभीर सामाजिक चुनौती बनता जा रहा है।


















