रायगढ़,11 फरवरी (आरएनएस)। सोशल मीडिया पर हथियार जैसे दिखने वाले ईयरगन के साथ रील बनाकर पोस्ट करना एक युवक को महंगा पड़ गया। मामले को गंभीर मानते हुए रायगढ़ पुलिस ने त्वरित कदम उठाते हुए संबंधित युवक के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कानूनी कार्रवाई की है।
पुलिस को जानकारी मिली थी कि इंस्टाग्राम आईडी didar.Ali.927 से एक युवक ने सार्वजनिक स्थान पर गननुमा वस्तु के साथ वीडियो बनाकर पोस्ट किया है। वायरल क्लिप में युवक खुलेआम हथियार का प्रदर्शन करता दिखाई दे रहा था। पुलिस के अनुसार, ऐसे वीडियो आम लोगों में भय और असुरक्षा की भावना पैदा कर सकते हैं, जो कानून-व्यवस्था की दृष्टि से चिंताजनक है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी और एसडीओपी खरसिया प्रभात पटेल को मामले की जांच सौंपते हुए संबंधित अकाउंट संचालक की पहचान करने को कहा गया। जांच के दौरान युवक की पहचान खरसिया के वार्ड क्रमांक 09, पुरानी बस्ती निवासी दीदार अली के रूप में हुई, जो इन दिनों धरमजयगढ़ के बेहरापारा क्षेत्र में अपने रिश्तेदार के घर रह रहा था। वीडियो भी धरमजयगढ़ के सार्वजनिक मार्ग पर बनाए जाने की पुष्टि हुई।
टीआई अमित तिवारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने युवक को बुलाकर पूछताछ की। पूछताछ में दीदार अली (33 वर्ष) ने बताया कि वीडियो में दिखाई गई वस्तु छर्रावाली ईयरगन है, जिसके लिए लाइसेंस की जरूरत नहीं होती। हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक स्थान पर हथियार जैसा दिखने वाला सामान लहराना और उसका वीडियो प्रसारित करना सामाजिक शांति के लिए उचित नहीं है।
धरमजयगढ़ पुलिस ने इस कृत्य को गंभीर मानते हुए युवक के खिलाफ धारा 126 और 135(3) बीएनएसएस के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है। साथ ही उसे भविष्य में इस तरह की गतिविधियों से दूर रहने की सख्त चेतावनी भी दी गई है।


















