रायपुर 12 फरवरी 2026(आरएनएस) राजधानी के तेलीबांधा थाना क्षेत्र में पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक युवक को 2.122 किलोग्राम गांजे के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी ग्राहक तलाशते हुए पकड़ा गया। बरामद गांजे की कीमत करीब 45 हजार रुपये बताई जा रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 11 फरवरी 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि अग्रसेन धाम चौक, फुंडहर रोड पर एक युवक गांजा लेकर बिक्री के लिए ग्राहक की तलाश कर रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदेही को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान आरोपी के पास से विमल पान मसाला के बड़े थैले के भीतर सेलोटेप से चारों ओर लिपटा एक बड़ा पैकेट मिला, जिसमें कुल 2.122 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। जब्त मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत 45 हजार रुपये आंकी गई है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान अभय मिर्चे (24 वर्ष), पिता कन्हैया लाल मिर्चे, निवासी तेलीबांधा गली नंबर 02 के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ थाना तेलीबांधा में अपराध क्रमांक 64/2026 के तहत धारा 20 (बी) एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज कर विधिवत कार्रवाई की गई है। बाद में उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार अभय मिर्चे के विरुद्ध पूर्व में थाना तेलीबांधा, मंदिर हसौद, पंडरी और गंज थाना क्षेत्रों में चोरी, मारपीट और एनडीपीएस एक्ट सहित कुल 14 आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि वह गांजा कहां से लाता था और किन-किन क्षेत्रों में सप्लाई करता था।


















