रायपुर 12 फ़रवरी 2026(आरएनएस) राजधानी रायपुर में ऑनलाइन सट्टेबाजी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट को बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना कबीर नगर क्षेत्रांतर्गत तिरंगा चौक के पास संचालित हो रहे ऑनलाइन सट्टा गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 17 लाख रुपये नगद सहित कुल लगभग 19.70 लाख रुपये का मशरूका जब्त किया गया है।

पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला एवं पुलिस उपायुक्त (वेस्ट जोन) श्री संदीप पटेल की सतत मॉनिटरिंग में यह कार्रवाई की गई। 11 फरवरी 2026 को एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट को सूचना मिली थी कि फेस-02 तिरंगा चौक के पास कुछ व्यक्ति ऑनलाइन सट्टा संचालित कर रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और थाना कबीर नगर पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर रेड कार्रवाई की।
मास्टर आईडी के जरिए खेला जा रहा था क्रिकेट सट्टा
रेड के दौरान चार व्यक्तियों को घेराबंदी कर पकड़ा गया। पूछताछ में उन्होंने अपने नाम दीपक सचदेवा, गौरव सचदेवा, ऋषभ रंगलानी और ओम खेमानी बताया। आरोपियों के मोबाइल फोन की जांच करने पर ramco777.com, wood777.com और powerexch.com जैसी ऑनलाइन बेटिंग वेबसाइट्स के माध्यम से मास्टर आईडी बनाकर और वितरित कर क्रिकेट सट्टा खिलाने का खुलासा हुआ।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी कमीशन बेस पर आईडी उपलब्ध कराकर अवैध लाभ अर्जित कर रहे थे। रकम के लेन-देन के लिए म्यूल खातों का उपयोग किया जा रहा था। बताया गया है कि ये खाते किराए पर लिए गए थे और संबंधित खाताधारकों की पहचान कर उनके विरुद्ध भी वैधानिक कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
17 लाख नकद सहित इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य जब्त
चारों आरोपियों के कब्जे से 17,00,000 रुपये नगद, 7 मोबाइल फोन, 4 बैंक पासबुक, 1 चेकबुक तथा 27 एटीएम/क्रेडिट/डेबिट कार्ड जब्त किए गए हैं। जब्त मशरूका की कुल कीमत लगभग 19,70,000 रुपये आंकी गई है।
आरोपियों के विरुद्ध थाना कबीर नगर में अपराध क्रमांक 44/26 के तहत छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 7 एवं 112(2) बीएनएस के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर कार्रवाई की गई है।
पूर्व में भी जा चुके हैं जेल
गिरफ्तार आरोपी ओम खेमानी थाना आमानाका क्षेत्र से तथा दीपक सचदेवा थाना खम्हारडीह क्षेत्र से पूर्व में सट्टा प्रकरण में जेल निरुद्ध रह चुके हैं। पुलिस अब आईडी लेकर ऑनलाइन सट्टा खेलने वाले ग्राहकों की जानकारी भी जुटा चुकी है, जिनके विरुद्ध भी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
वर्ष 2026 में अब तक 1.92 करोड़ की जब्ती
उल्लेखनीय है कि वर्ष 2026 में अब तक एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट ने ऑनलाइन सट्टे के कुल 3 प्रकरणों में 14 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इन मामलों में 1,04,85,000 रुपये नगद सहित 2 लैपटॉप, 27 मोबाइल फोन, 4 चारपहिया वाहन, एटीएम/क्रेडिट/डेबिट कार्ड, बैंक पासबुक, चेकबुक एवं अन्य सामग्री जब्त की गई है। कुल जब्त मशरूका की कीमत लगभग 1,92,20,000 रुपये आंकी गई है।
पुलिस का कहना है कि बदलते अपराध स्वरूप के अनुरूप रणनीति में बदलाव करते हुए आरोपियों की जीवनशैली और गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही थी, जिसका परिणाम इस कार्रवाई के रूप में सामने आया है।
गिरफ्तार आरोपी
- दीपक सचदेवा (30 वर्ष) – निवासी एम 02/56 फेस-03, तिरंगा चौक के पास, थाना कबीर नगर रायपुर।
- गौरव सचदेवा (29 वर्ष) – निवासी कंचनजंघा कॉम्प्लेक्स, सी ब्लॉक 106, आदर्श चौक, थाना कबीर नगर रायपुर।
- ऋषभ रंगलानी (30 वर्ष) – निवासी मारूति विहार कॉलोनी, पलाश कॉम्प्लेक्स के पास, थाना आमानाका रायपुर।
- ओम खेमानी (30 वर्ष) – निवासी हीरापुर रोड, थाना कबीर नगर रायपुर।
राजधानी में ऑनलाइन सट्टेबाजी के खिलाफ यह कार्रवाई स्पष्ट संकेत है कि साइबर अपराध और अवैध जुए के नेटवर्क पर पुलिस की सख्त नजर बनी हुई है।

