रायपुर 12 फ़रवरी 2026 (आरएनएस) राजधानी के व्यस्ततम वीआईपी रोड पर शादी सीज़न के दौरान लगने वाले ट्रैफिक जाम पर नियंत्रण के लिए पुलिस कमिश्नरेट ने सख्त रुख अपनाया है। पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (यातायात) विवेक शुक्ला ने वीआईपी रोड स्थित होटल और मैरिज पैलेस संचालकों की अहम बैठक लेकर स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए हैं।

बैठक में लगभग 30 होटल और मैरिज पैलेस संचालक शामिल हुए। उन्हें साफ तौर पर समझाइश दी गई कि वैवाहिक कार्यक्रम के दौरान किसी भी स्थिति में परिसर के बाहर सड़क पर बारात निकालने या वाहन पार्किंग की अनुमति नहीं होगी।
ट्रैफिक जाम और एयरपोर्ट यात्रियों की परेशानी बनी वजह
फरवरी से अप्रैल-मई तक चलने वाले शादी सीज़न में वीआईपी रोड पर आयोजित समारोहों के दौरान मुख्य मार्ग पर बारात निकालने और वाहनों की अव्यवस्थित पार्किंग से यातायात बाधित हो जाता है। इससे आम नागरिकों के साथ-साथ माना एयरपोर्ट जाने वाले यात्रियों को भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। कई बार जाम की स्थिति गंभीर रूप ले लेती है।
इसी समस्या के स्थायी समाधान के लिए पुलिस ने पूर्व तैयारी के तहत यह बैठक आयोजित की।
संचालकों के लिए चार सख्त निर्देश
बैठक में होटल और मैरिज पैलेस संचालकों को निम्न निर्देशों का पालन अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करने कहा गया—
- पार्किंग क्षमता के अनुरूप ही वैवाहिक कार्यक्रमों की बुकिंग ली जाएगी।
- किसी भी परिस्थिति में मैरिज पैलेस के बाहर सड़क पर बारात निकालने की अनुमति नहीं होगी।
- मुख्य मार्ग पर वाहन खड़े न हों, इसके लिए परिसर के बाहर कम से कम दो गार्ड तैनात करना अनिवार्य होगा।
- बारात केवल होटल/मैरिज पैलेस परिसर के भीतर ही निकाली जाएगी।
बैठक में सहायक पुलिस आयुक्त (यातायात) सतीश ठाकुर भी मौजूद रहे। सभी संचालकों ने जारी निर्देशों का अक्षरशः पालन करने का आश्वासन दिया।
पुलिस कमिश्नरेट की यह पहल स्पष्ट संकेत है कि शादी की खुशियों के बीच यातायात व्यवस्था से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई की भी चेतावनी दी गई है।


















