रायपुर 12 फरवरी 2026 (आरएनएस) राजधानी में प्रतिबंधित नशीली दवाओं की अवैध बिक्री पर पुलिस ने एक और कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। थाना डी.डी. नगर क्षेत्रांतर्गत सुंदर नगर स्थित दशहरा मैदान के पास से 94 शीशी प्रतिबंधित सिरप Glankof-T बरामद की गई है। जब्त सिरप की कीमत लगभग 10 हजार रुपये आंकी गई है।
यह कार्रवाई एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा थाना डी.डी. नगर पुलिस की संयुक्त टीम ने 11 फरवरी 2026 को मुखबिर की सूचना पर की। सूचना मिली थी कि कुछ युवक प्रतिबंधित सिरप बेचने के उद्देश्य से ग्राहक तलाश रहे हैं। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और तीन संदिग्धों को पकड़ा।
पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम भानू रजक, अनुराग लिल्हारे और सौरभ पाठक बताए। तलाशी के दौरान उनके पास रखे थैले से 94 शीशी प्रतिबंधित सिरप बरामद हुई। सिरप रखने और बिक्री के संबंध में वैध दस्तावेज मांगने पर आरोपी कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सके और पुलिस को गुमराह करने का प्रयास करते रहे।
तीनों आरोपियों के विरुद्ध थाना डी.डी. नगर में अपराध क्रमांक 102/26 के तहत धारा 21(सी) नारकोटिक एक्ट के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर विधिसम्मत कार्रवाई की गई है।
पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज की जांच में जुटी है, ताकि इस अवैध नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचा जा सके।
गिरफ्तार आरोपी
1. भानू रजक (28 वर्ष) – निवासी चंगोराभाठा, थाना डी.डी. नगर, रायपुर।
2. अनुराग लिल्हारे (28 वर्ष) – निवासी शिवानंद नगर, थाना खमतराई।
3. सौरभ पाठक (30 वर्ष) – निवासी लाखेनगर, थाना पुरानी बस्ती, रायपुर।
राजधानी में नशीली दवाओं की अवैध बिक्री पर लगातार हो रही कार्रवाइयों से साफ है कि पुलिस ऐसे नेटवर्क पर सख्त निगरानी बनाए हुए है।


















