रायपुर 13 फरवरी 2026(आरएनएस) नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रायपुर पुलिस कमिश्नरेट की नॉर्थ जोन टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 17 किलो 949 ग्राम गांजा के साथ उत्तर प्रदेश के दो अंतर्राज्यीय तस्करों को रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। यह संयुक्त कार्रवाई थाना गुढ़ियारी पुलिस और रेलवे पुलिस फोर्स (RPF) द्वारा की गई।
पुलिस के अनुसार 12 फरवरी 2026 को सूचना मिली कि थाना गुढ़ियारी क्षेत्रांतर्गत रेलवे प्लेटफॉर्म नंबर 7 पर दो संदिग्ध व्यक्ति बैग में गांजा लेकर कहीं जाने की फिराक में हैं। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (नॉर्थ जोन) आकाश मरकाम एवं सहायक पुलिस आयुक्त उरला पूर्णिमा लामा के मार्गदर्शन में टीम गठित की गई।
संयुक्त टीम ने मुखबिर द्वारा बताए गए हुलिए के आधार पर दोनों संदिग्धों को चिन्हांकित कर पकड़ा। पूछताछ में उन्होंने अपना नाम राघवेन्द्र सिंह (22 वर्ष) निवासी बिछुपुरवा, तहसील अकबरपुर, थाना गजनेर, जिला कानपुर देहात (उ.प्र.) तथा झम्मन सिंह (38 वर्ष) निवासी ग्राम बरानदी, पोस्ट जराली, थाना हरदुआगंज, जिला अलीगढ़ (उ.प्र.) बताया।
तलाशी लेने पर दोनों के बैग से 17 किलो 949 ग्राम गांजा बरामद हुआ। साथ ही तस्करी में प्रयुक्त 3 मोबाइल फोन भी जब्त किए गए। जब्त मशरूका की कुल कीमत लगभग 9 लाख 27 हजार रुपये आंकी गई है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे ओड़िशा से गांजा लेकर उत्तर प्रदेश ले जा रहे थे।
दोनों आरोपियों के विरुद्ध थाना गुढ़ियारी में अपराध क्रमांक 45/2026 के तहत धारा 20बी नारकोटिक एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज कर विधिवत कार्रवाई की गई है। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य संदिग्धों की तलाश में जुटी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नशे के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और अंतर्राज्यीय तस्करी में लिप्त तत्वों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

