नईदिल्ली,13 फरवरी। भारतीय क्रिकेट टीम ने टी-20 विश्व कप 2026 में नामीबिया क्रिकेट टीम को 93 रन से हराया। अरुण जेटली स्टेडियम में हुए मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए हार्दिक पांड्या और ईशान किशन (61) के अर्धशतक की बदौलत 209/9 का स्कोर बनाया। जवाब में नामीबिया की टीम 116 रन पर सिमट गई। यह टी-20 विश्व कप में भारतीय टीम की लगातार 10वीं जीत है। बता दें कि 2024 के संस्करण में भारत ने लगातार 8 मैच जीते थे।
भारत को संजू सैमसन (22) और किशन (61) ने आक्रामक शुरुआत दिलाई। इसके बाद तिलक वर्मा (25), शिवम दुबे (23) और पांड्या (52) ने मिलकर टीम का स्कोर 200 के पार पहुंचाया। नामीबिया के कप्तान गेरहार्ड इरास्मस ने 4 विकेट लिए। चुनौतीपूर्ण लक्ष्य का पीछा करते हुए लौरेन स्टीनकैंप (29) और जान फ्राइलिंक (22) ने सधी हुई शुरुआत दिलाई। इसके बाद निरंतर गिर रहे विकेटों के बीच नामीबिया की टीम लक्ष्य हासिल नहीं कर सकी।
टी-20 विश्व कप में यह रनों के लिहाज से भारत की सबसे बड़ी जीत है। इससे पहले भारत ने 2012 के संस्करण में इंग्लैंड को 90 रन से हराया था।
पारी की शुरुआत करने आए किशन ने 24 गेंदों में 61 रन बनाए। वह टी-20 विश्व कप के इतिहास में अर्धशतक लगाने वाले पहले भारतीय विकेटकीपर बने। बता दें कि टी-20 विश्व कप 2007 में महेंद्र सिंह धोनी ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 45 रन की पारी खेली थी। 2024 में खेले गए पिछले संस्करण में ऋषभ पंत ने पाकिस्तान क्रिकेट टीम के खिलाफ 42 रन बनाए थे।
किशन टी-20 विश्व कप के इतिहास में भारत से चौथे सबसे तेज अर्धशतक (20 गेंद) लगाने वाले बल्लेबाज बने। उनसे तेज अर्धशतक युवराज सिंह, केएल राहुल और रोहित शर्मा ऐसा कर चुके हैं। किशन अब टी-20 विश्व कप में पावरप्ले के दौरान ही अर्धशतक जडऩे वाले तीसरे भारतीय खिलाड़ी बने। बता दें कि रोहित (51* बनाम ऑस्ट्रेलिया, 2024) और केएल राहुल (50 बनाम स्कॉटलैंड, 2021) ऐसा कर चुके थे।
भारत ने जब 120 रन के स्कोर पर अपना तीसरा विकेट खोया, तब पांड्या क्रीज पर आए। उन्होंने नामीबिया की कम अनुभवी गेंदबाजी के सामने आकर्षक शॉट लगाए। अरुण जेटली स्टेडियम में भारतीय ऑलराउंडर ने 27 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया। वह 28 गेंदों में 52 रन बनाकर आउट हुए। अपनी अर्धशतकीय पारी में उन्होंने 4 चौके और इतने ही छक्के भी लगाए। गेंदबाजी में उन्होंने 21 रन देते हुए 2 विकेट लिए। उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
क्रिकबज के अनुसार, इरास्मस टी-20 विश्व कप में 4 विकेट लेने वाले चौथे कप्तान बने। उनसे पहले अफगानिस्तान के राशिद खान, न्यूजीलैंड के डेनियल विटोरी, और ओमान के जीशान मकसूद ऐसा कर चुके हैं। दिलचस्प रूप से राशिद ने 2 बार (4/17 बनाम न्यूजीलैंड, और 4/23 बनाम बांग्लादेश 2024) ऐसा किया है। बता दें कि विटोरी ने भारत के खिलाफ (4/20, 2007) और जीशान मकसूद ने पापुआ एंड न्यू गिनी (4/20, 2021) के खिलाफ ऐसा किया था।
टी-20 विश्व कप में भारतीय टीम ने अपना तीसरा सर्वोच्च स्कोर बनाया। भारतीय टीम का सर्वोच्च स्कोर 2007 में इंग्लैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ (218/4) आया था। उस मैच में पूर्व भारतीय दिग्गज युवराज सिंह ने एक ओवर में 6 छक्के लगाए थे। इसके बाद भारतीय टीम का दूसरा सर्वोच्च स्कोर 2021 के संस्करण में अफगानिस्तान के खिलाफ (210/2) आया था। भारत का टी-20 विश्व कप में 200+ रन का अन्य स्कोर (205/5 बनाम ऑस्ट्रेलिया, 2024) है।
अर्शदीप ने टी-20 क्रिकेट करियर के अपने 250 विकेट पूरे किए। नामीबिया के सलामी बल्लेबाज जान फ्राइलिंक उनका 250वां शिकार बने। अर्शदीप ने अपने 188वें मैच में 250 टी-20 विकेट पूरे किए। इस बीच उनकी गेंदबाजी औसत 22 से कम है। उन्होंने 2 पारियों में 5 विकेट हॉल भी लिए हैं। क्रिकइंफो के मुताबिक, बाएं हाथ के तेज गेंदबाज 250 टी-20 विकेट पूरे करने वाले 75वें खिलाड़ी बन गए।
ग्रुप-ए में मौजूद यह भारतीय टीम की लगातार दूसरी जीत है। सूर्यकुमार यादव की अगुआई वाली टीम इस ग्रुप में शीर्ष पर पहुंच गई है। दूसरी तरफ यह नामीबिया की लगातार दूसरी हार है। इस शिकस्त के साथ ही नामीबिया की टीम तालिका में 5वें और अंतिम पायदान पर हैं। पाकिस्तान की टीम ने भी अपने शुरुआती 2 मैच जीते हैं। सलमान आगा की कप्तानी वाली टीम तालिका में दूसरे स्थान पर है।
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी


















