नईदिल्ली,13 फरवरी। भारतीय क्रिकेट टीम के ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या ने टी-20 विश्व कप 2026 के 18वें मैच में नामीबिया क्रिकेट टीम के खिलाफ 52 रन की पारी खेली। उनकी और ईशान किशन (61) की पारियों की बदौलत भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर के बाद 209/9 का स्कोर बनाया। यह इस टूर्नामेंट के इतिहास में भारतीय टीम द्वारा बनाया गया तीसरा सर्वोच्च स्कोर दर्ज हो गया। आइए हार्दिक की पारी पर एक नजर डालते हैं।
भारत ने जब 120 रन के स्कोर पर अपना तीसरा विकेट खोया, तब पांड्या क्रीज पर आए। उन्होंने नामीबिया की कम अनुभवी गेंदबाजी के सामने आकर्षक शॉट लगाए। अरुण जेटली स्टेडियम में भारतीय ऑलराउंडर ने सिर्फ 27 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया। वह 28 गेंदों में 52 रन बनाकर आउट हुए। अपनी अर्धशतकीय पारी में उन्होंने 4 चौके और इतने ही छक्के भी लगाए।
पांड्या ने टी-20 विश्व कप संस्करण में कुल 26 मैच खेले हैं, जिसकी 18 पारियों में उन्होंने 29.57 की औसत और 145.26 की स्ट्राइक रेट से 414 रन बनाए हैं। उन्होंने 3 अर्धशतक भी लगाए हैं। पांड्या ने टी-20 विश्व कप 2024 में बल्लेबाजी में 8 पारियों में 48.00 की औसत और 151.57 की स्ट्राइक रेट के साथ 144 रन बनाए थे, जिसमें एक अर्धशतक भी शामिल था।
भारतीय टीम का सर्वोच्च स्कोर 2007 में इंग्लैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ (218/4) आया था। उस मैच में पूर्व भारतीय दिग्गज युवराज सिंह ने एक ओवर में 6 छक्के लगाए थे। इसके बाद भारतीय टीम का दूसरा सर्वोच्च स्कोर 2021 के संस्करण में अफगानिस्तान के खिलाफ (210/2) आया था। भारत का टी-20 विश्व कप में 200+ रन का अन्य स्कोर (205/5 बनाम ऑस्ट्रेलिया, 2024) है।
००


















