रायपुर, 13 फरवरी 2026(आरएनएस) रायपुर कमिश्नरेट के नॉर्थ जोन अंतर्गत खमतराई थाना क्षेत्र में सार्वजनिक स्थान पर धारदार चाकू लहराकर लोगों को डराने-धमकाने वाले एक युवक को पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के विरुद्ध आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस उपायुक्त (नॉर्थ जोन) मयंक गुर्जर के निर्देशानुसार क्षेत्र में अपराधों की रोकथाम और असामाजिक तत्वों पर अंकुश लगाने विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आकाश मरकाम तथा सहायक पुलिस आयुक्त उरला पूर्णिमा लामा के नेतृत्व में थाना प्रभारियों द्वारा लगातार संदिग्ध व्यक्तियों, गुंडा-बदमाशों और चाकूबाजों की सघन जांच की जा रही है।
इसी क्रम में 13 फरवरी को थाना खमतराई पुलिस को सूचना मिली कि डब्ल्यूआरएस कॉलोनी स्थित पुराने डीआरएम ऑफिस के सामने एक युवक लोहे का धारदार चाकू हवा में लहराकर राहगीरों में दहशत फैला रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर आरोपी को दबोच लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम लक्की उर्फ धनंजय पटनायक (21 वर्ष) निवासी डब्ल्यूआरएस कॉलोनी, खमतराई, रायपुर बताया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक नग धारदार चाकू बरामद किया गया। आरोपी के विरुद्ध थाना खमतराई में अपराध क्रमांक 94/2026 धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर विधिसम्मत कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार आरोपी पूर्व में भी लूट, आर्म्स एक्ट तथा मारपीट के मामलों में जेल जा चुका है। नॉर्थ जोन पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध इसी प्रकार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

