रायपुर, 13 फरवरी 2026(आरएनएस) रायपुर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा सूखे नशे के विरुद्ध अपनाई गई जीरो टॉलरेंस नीति के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए एक और आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। थाना टिकरापारा में दर्ज एनडीपीएस प्रकरण में पुलिस रिमांड पर लिए गए आरक्षक से पूछताछ के आधार पर पुलिस ने 5.5 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) और एक नग जिंदा कारतूस के साथ लक्की सिंह को गिरफ्तार किया है।

मामला थाना टिकरापारा के अपराध क्रमांक 119/26, धारा 21 एनडीपीएस एक्ट से जुड़ा है। उल्लेखनीय है कि 11 फरवरी 2026 को पुलिस ने पदस्थ आरक्षक हिमांशु बर्मन को 1 ग्राम चिट्टा के साथ गिरफ्तार किया था। कार्रवाई के दौरान मिले तथ्यों और आरोपी के मेमोरेंडम के आधार पर पुलिस ने मामले की कड़ियों को आगे बढ़ाया।
पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) संदीप कुमार पटेल के निर्देशानुसार तथा अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) राहुल देव शर्मा के मार्गदर्शन में सूखे नशे के विरुद्ध अभियान लगातार जारी है। सहायक पुलिस आयुक्त न्यू राजेंद्र नगर नवनीत पाटिल और सहायक पुलिस आयुक्त आजाद चौक इशु अग्रवाल के नेतृत्व में थाना टिकरापारा एवं आजाद चौक की संयुक्त टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया।
पुलिस के अनुसार 11 फरवरी को मुखबिर से सूचना मिली थी कि नीलकंठेश्वर मंदिर के पीछे मठपारा क्षेत्र में एक व्यक्ति एक्सिस वाहन (सीजी 04 PW 1372) में बैठकर प्रतिबंधित मादक पदार्थ की बिक्री के लिए ग्राहक तलाश रहा है। घेराबंदी कर पकड़े गए आरोपी की पहचान आरक्षक हिमांशु बर्मन (34 वर्ष), निवासी ग्राम कुण्डा जिला कबीरधाम, हाल पता जनता कॉलोनी पुलिस लाइन रायपुर के रूप में हुई थी। उसके कब्जे से चिट्टा बरामद कर मामला दर्ज किया गया।
पुलिस रिमांड के दौरान हिमांशु बर्मन ने खुलासा किया कि उसने हाल ही में 6 ग्राम चिट्टा लक्की सिंह (28 वर्ष), निवासी कुकरी पारा, सुभाष नगर थाना पुरानी बस्ती रायपुर, हाल पता रूद्र विहार अमलेश्वर दुर्ग को बेचा था। जानकारी के आधार पर पुलिस ने लक्की सिंह को गिरफ्तार कर पूछताछ की, जिसमें उसने 6 ग्राम चिट्टा खरीदने, आधा ग्राम सेवन करने और शेष 5.5 ग्राम अपने पास रखने की बात स्वीकार की।
तलाशी के दौरान आरोपी के पास से एक नग जिंदा कारतूस भी बरामद हुआ। इसके बाद प्रकरण में धारा 21बी, 29 एनडीपीएस एक्ट तथा 25 आर्म्स एक्ट की धाराएं जोड़ी गईं। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मामले की एंड-टू-एंड विवेचना जारी है और मादक पदार्थ के स्रोत से गंतव्य तक की पूरी कड़ी की जांच कर अन्य संलिप्त आरोपियों को भी गिरफ्तार किया जाएगा। सूखे नशे के विरुद्ध यह अभियान आगे भी इसी सख्ती के साथ जारी रहेगा।

