रुद्रपुर,14 फरवरी (आरएनएस)। किच्छा विधायक तिलकराज बेहड़ ने बाजपुर के दलित पत्रकार विमल भारती उर्फ गोल्डी निर्भीक के साथ कथित पुलिस ज्यादती और उनके घर का ढांचा ध्वस्त किए जाने पर नाराजगी जताई है। शनिवार को प्रेस को जारी बयान में उन्होंने कहा कि यदि जेसीबी से घर तोडऩे, मोबाइल रिकॉर्डिंग जब्त करने, गिरफ्तारी के दौरान शारीरिक व मानसिक उत्पीडऩ और जातिसूचक शब्दों के प्रयोग के आरोप सही हैं, तो यह मानवाधिकारों और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का उल्लंघन है। कहा कि पत्रकार लोकतंत्र का चौथा स्तंभ हैं और उनकी आवाज दबाने का प्रयास लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है। उन्होंने मुख्यमंत्री, राज्यपाल और पुलिस महानिदेशक से मामले का संज्ञान लेकर निष्पक्ष व समयबद्ध जांच कराने तथा दोष सिद्ध होने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की। साथ ही पीडि़त पत्रकार को सुरक्षा और न्याय देने की बात कही। बेहड़ ने काशीपुर के किसान सुखवंत सिंह की आत्महत्या प्रकरण का उल्लेख करते हुए कहा कि ऐसी घटनाएं प्रशासनिक तंत्र पर सवाल खड़े करती हैं। उन्होंने जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों से दलगत राजनीति से ऊपर उठकर न्याय के पक्ष में आवाज बुलंद करने की अपील की।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

