-अयोध्या जनपद को मिलेगी नई पहचान
अयोध्या ,14 फरवरी (आरएनएस)। हथकरघा प्रशिक्षण से समर्थ होगी महिलाएं और घर बैठे उन्हें आमदनी प्राप्त हो सकेगी। कार्यक्रम के उदघाटन सत्र को संबोधित करते हुए उपनिदेशक अशोक वर्मा बुनकर सेवा केंद्र वाराणसी ने कहा कि इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को हथकरघा बुनकर बनाकर उनकी आजीविका सुनिश्चित करना है जिससे उन्हें घर बैठे आमदनी प्राप्त हो सके। जनपद के अमानीगंज विकास खंड के पूरे दला स्थित केला रेशा प्रदर्शन इकाई पर वस्त्र मंत्रालय की समर्थ योजना के अंतर्गत पैतालीस दिवसीय प्रशिक्षण का शुभारंभ हुआ। वस्त्र मंत्रालय भारत सरकार के विकास आयुक्त हथकरघा के अधीन कार्यरत संस्था बुनकर सेवा केंद्र वाराणसी द्वारा हथकरघा बुनाई का 45 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इस कार्यक्रम में तीस महिलाओं को प्रशिक्षित किया जाएगा जिसमें महिलाएं हथकरघा पर गमछा , साल ,स्टाल ,सहित विभिन्न प्रकार के आकर्षक उत्पाद तैयार करना सीखेंगी। सभी प्रतिभागी महिलाओं को प्रतिदिन तीन सौ रुपया भत्ता सीधे उनके खाते में भेजा जाएगा इस प्रकार कुल तेरह हजार पांच सौ रुपया प्रत्येक महिला को प्राप्त होगा। ओंकार सेवा संस्थान के संयोजक सूर्य कुमार त्रिपाठी ने बताया कि इस प्रशिक्षण से महिलाएं आत्मनिर्भर बनकर अन्य महिलाओं को भी प्रेरित करेंगी तथा आने वाले एक वर्ष में हथकरघा का एक नया कलस्टर अयोध्या जनपद में स्थापित होगा। अभी तक अयोध्या तथा आस पास के जनपद में इस तरह का कलस्टर नहीं था तथा बुनाई का उपरोक्त कार्य यहां के लिए बिल्कुल नया है। इससे अयोध्या को आने वाले समय में हथकरघा उत्पादों के लिए भी जाना जाएगा। कार्यक्रम को केंद्र के तकनीकी अधीक्षक आसिफ अली सहित दर्जन भर विद्वानों ने संबोधित किया। प्रशिक्षण प्राप्त करने वालों में हिमांशु उर्फ गौरी ,नीलम ,अनीता चक्की वाली , प्रभा ,रीना , उषा मौर्य ,रेखा ,,पूजा मिश्रा ,शिवानी शुक्ला ,आंचल विश्वकर्मा , कविता , गायत्री ,संगीता मौर्य ,साक्षी मौर्या , लता उपाध्याय सहित तीस महिलाएं उपस्थित रहीं । इस प्रशिक्षण के साथ ही अयोध्या जनपद में हथकरघा का कलस्टर स्थापित होगा ,जों की आस पास के जनपदों में नहीं है । इससे अयोध्या को एक नई पहचान मिलेगी साथ में जनपद में हजारों परिवार को रोजगार भी प्राप्त होने की संभावना है ।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

