-दो हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने लिया हिस्सा
अयोध्या ,14 फरवरी (आरएनएस)। महाशिवरात्रि से पूर्व आस्था और भक्ति का अद्भुत संगम उस समय देखने को मिला जब शाहगंज क्षेत्र स्थित सिद्धेश्वरनाथ मंदिर से भव्य कलश यात्रा निकाली गई। इस यात्रा में लगभग 2000 शिवभक्तों और श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। यह यात्रा करीब 4 किलोमीटर की दूरी तय करते हुए रामपुरवा शिवाला मंदिर पहुंची, जहां विधिवत समापन किया गया। यात्रा के दौरान पूरा वातावरण ‘हर-हर महादेवÓ और ‘बम-बम भोलेÓ के जयकारों से गुंजायमान रहा। गाजे-बाजे और भक्तिमय संगीत के साथ निकली इस शोभायात्रा में नन्हे-मुन्ने बच्चों द्वारा आकर्षक झाँकियाँ भी प्रस्तुत की गईं, जिसने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। यह कलश यात्रा पिछले 15 वर्षों से लगातार महाशिवरात्रि से पूर्व आयोजित की जा रही है। इस वर्ष भी आयोजन का संयोजन आनंद सोनी द्वारा किया गया। स्थानीय श्रद्धालुओं का कहना है कि इस परंपरा ने क्षेत्र में धार्मिक एकता और उत्साह को नई पहचान दी है। यात्रा के समापन के पश्चात सिद्धेश्वरनाथ मंदिर में विधि-विधान से हवन-पूजन का सिलसिला प्रारंभ हुआ। श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ से सुख-समृद्धि और शांति की कामना की। कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए पुलिस बल के जवान तैनात रहे, ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो और श्रद्धालु शांतिपूर्वक कार्यक्रम में भाग ले सकें। कलश यात्रा का नेतृत्व आनंद सोनी और सिद्धेश्वर नाथ मंदिर समिति के सदस्यों ने किया। यात्रा को सफल बनाने के लिए प्रशासन भी मुस्तैद रहा। कलश यात्रा के समापन के बाद भंडारे का आयोजन किया गया। इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ प्रचारक पंजाब प्रान्त रामगोपाल,सह जिला कार्यवाह आनन्द सोनी,शरद तिवारी मानसमाणि त्रिपाठी आदि कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

