हलिया, मीरजापुर,14 फरवरी (आरएनएस)। शनिवार को मिशन शक्ति फेज 5.0 अभियान के अंतर्गत थाना क्षेत्र के सोठिया खुर्द गांव में महिलाओं एवं बच्चियों को जागरूक किया गया। कार्यक्रम के दौरान उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, सुरक्षा सेवाओं तथा हेल्पलाइन नंबरों की विस्तार से जानकारी दी गई। इस दौरान उत्तर प्रदेश पुलिस टीम द्वारा महिलाओं को उनकी सुरक्षा अधिकारों और आपातकालीन परिस्थितियों में सहायता प्राप्त करने के तरीकों के बारे में जागरूक किया गया। महिलाओं को बताया गया कि किसी भी प्रकार की समस्या, उत्पीडऩ, साइबर अपराध या आपात स्थिति में तत्काल संबंधित हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क किया जा सकता है। कार्यक्रम में पुलिस हेल्पलाइन नंबर 112, महिला हेल्पलाइन नंबर 1090, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन नंबर 1076, चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098, साइबर हेल्पलाइन नंबर1930, एंबुलेंस हेल्पलाइन नंबर 108, अग्निशमन हेल्पलाइन नंबर 101 तथा आशा ज्योति केंद्र 181 के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही महिलाओं को उनके कानूनी अधिकारों, घरेलू हिंसा से सुरक्षा, साइबर अपराध से बचाव, बाल सुरक्षा तथा महिला सशक्तिकरण से जुड़े विषयों पर विस्तार से जानकारी दी गई। पुलिस टीम ने महिलाओं को बताया कि सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं का लाभ उठाकर वे आत्मनिर्भर बन सकती हैं और किसी भी समस्या की स्थिति में बिना झिझक सहायता ले सकती हैं। इस अवसर पर उपनिरीक्षक रमाशंकर, हेड कांस्टेबल अभिषेक चौबे, महिला कांस्टेबल सलोनी दिवाकर सहित अन्य पुलिसकर्मी व ग्रामीण महिलाएं उपस्थित रहीं।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

