लखनऊ ,14 फरवरी (आरएनएस)। बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय के गृह विज्ञान विद्यापीठ द्वारा एम.एससी. मानव विकास एवं परिवार अध्ययन के विद्यार्थियों के लिए प्रयागराज का शैक्षिक भ्रमण आयोजित किया गया। यह भ्रमण विभागाध्यक्ष प्रो. शालिनी अग्रवाल तथा डॉ. सौम्या तिवारी के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। भ्रमण का उद्देश्य विद्यार्थियों को पाठ्यक्रम से जुड़े विषयों का व्यावहारिक अनुभव प्रदान करना तथा विभिन्न संस्थानों की कार्यप्रणाली को निकट से समझाना था।भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने त्रिशला फाउंडेशन का दौरा किया, जहाँ सेरेब्रल पाल्सी एवं गतिशील विकलांगता से ग्रस्त बच्चों के लिए संचालित पुनर्वास सेवाओं का प्रत्यक्ष अवलोकन किया। फाउंडेशन के संस्थापक-अध्यक्ष एवं बाल अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ. जितेन्द्र कुमार जैन तथा सचिव एवं जनस्वास्थ्य विशेषज्ञ डॉ. वरदामाला जैन ने संस्था के उद्देश्यों, कार्यप्रणाली और बहुविषयक पुनर्वास मॉडल की विस्तृत जानकारी दी। विद्यार्थियों को फिजियोथेरेपी, स्पीच थेरेपी, विशेष शिक्षा तथा पारिवारिक परामर्श जैसी सेवाओं की समन्वित प्रणाली को समझने का अवसर मिला।इसके अतिरिक्त विद्यार्थियों ने इलाहाबाद विश्वविद्यालय के मनोविज्ञान विभाग तथा परिवार एवं सामुदायिक विज्ञान विभाग का भी भ्रमण किया। मनोविज्ञान विभाग में विभागाध्यक्ष प्रोफेसर चंद्रांशु सिन्हा ने विद्यार्थियों को मनोविज्ञान के अनुप्रयुक्त पक्षों, शोध गतिविधियों एवं परामर्श सेवाओं की जानकारी दी। वहीं परिवार एवं सामुदायिक विज्ञान विभाग में विभागाध्यक्ष प्रोफेसर अंजली माथुर ने विभाग की शैक्षिक संरचना, शोध कार्यों तथा सामुदायिक विस्तार कार्यक्रमों से विद्यार्थियों को अवगत कराया।विद्यार्थियों ने प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल एवं शिक्षा केंद्र तथा विश्वविद्यालय परामर्श प्रकोष्ठ का भी अवलोकन किया। यह शैक्षिक भ्रमण विद्यार्थियों के लिए अत्यंत ज्ञानवर्धक सिद्ध हुआ। इससे उन्हें सैद्धांतिक ज्ञान के साथ-साथ व्यावहारिक अनुभव प्राप्त हुआ तथा पेशेवर संवेदनशीलता, सामाजिक उत्तरदायित्व और आत्मविश्वास का विकास हुआ।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

