नई दिल्ली ,14 फरवरी (आरएनएस)। दिल्ली की मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता ने शनिवार को शाहदरा के डॉ. हेडगेवार आरोग्य संस्थान में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के पहले सरसंघचालक डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार की प्रतिमा का अनावरण किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि डॉ. हेडगेवार ने जो विचार और लक्ष्य शुरू किया था, वह आज मजबूत और विशाल संगठन के रूप में देश सेवा कर रहा है। व्यक्ति निर्माण के जरिए समाज को संगठित करने का उनका मार्ग आज भारत के सांस्कृतिक जागरण की मजबूत नींव बन चुका है। मुख्यमंत्री ने कहा कि संस्थान में लगी यह प्रतिमा केवल स्मारक नहीं है, बल्कि यह सेवा, समर्पण और राष्ट्र प्रथम की भावना की प्रेरणा देती रहेगी।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह, विश्वास नगर के विधायक श्री ओम प्रकाश शर्मा, लक्ष्मी नगर के विधायक श्री अभय वर्मा, शाहदरा के विधायक श्री संजय गोयल, कृष्णा नगर के विधायक श्री अनिल गोयल सहित अन्य जनप्रतिनिधि, चिकित्सक, पैरामेडिकल स्टाफ और नागरिक उपस्थित थे।
आरोग्य संस्थान का होगा विस्तार
मुख्यमंत्री ने अस्पताल की बढ़ती जरूरत को देखते हुए इसके विस्तार की घोषणा की। उन्होंने कहा कि जल्द ही यहां नई मंजिल बनाई जाएगी और आधुनिक चिकित्सा मशीनें लगाई जाएंगी। उन्होंने यह भी भरोसा दिलाया कि संस्थान में जो भी कमियां हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर दूर किया जाएगा। संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि विस्तार के लिए विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर काम जल्द शुरू किया जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि यमुनापार की बड़ी आबादी को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिलें, इसके लिए मजबूत और व्यवस्थित हेल्थ नेटवर्क बनाना सरकार की प्राथमिकता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार के एक साल के कार्यकाल में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने के लिए कई ऐतिहासिक कदम उठाए गए हैं। दिल्ली में आयुष्मान भारत योजना के तहत स्वास्थ्य कवर को 5 लाख रुपये से बढ़ाकर 10 लाख रुपये किया गया है। 70 वर्ष से अधिक आयु के सभी बुजुर्गों के लिए ‘वय वंदन योजनाÓ की शुरुआत की गई है। अब तक 7 लाख से अधिक नागरिक इस योजना में पंजीकृत हो चुके हैं और लगभग 30,000 लोगों को उपचार का लाभ मिल चुका है। मुख्यमंत्री ने बताया कि दिल्ली में अब तक 370 आयुष्मान आरोग्य मंदिर खोले जा चुके हैं और 1100 केंद्र बनाने का लक्ष्य रखा गया है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि दिल्ली सरकार के सभी अस्पतालों को पूर्ण रूप से डिजिटल किया जा चुका है। अब प्रत्येक मरीज का डिजिटल हेल्थ रिकॉर्ड उपलब्ध है, ऑनलाइन ओपीडी अपॉइंटमेंट की सुविधा शुरू कर दी गई है और किसी भी अस्पताल में उपचार का पूरा इतिहास एक क्लिक में देखा जा सकता है। उन्होंने बताया कि इससे न केवल पारदर्शिता बढ़ेगी और भ्रष्टाचार पर अंकुश लगेगा, बल्कि उपचार प्रक्रिया भी अधिक प्रभावी और सुव्यवस्थित होगी। उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों की उपेक्षा के कारण कई अस्पतालों में आवश्यक मशीनों का अभाव था, लेकिन वर्तमान सरकार ने स्वास्थ्य ढांचे को सशक्त बनाने के लिए ठोस कदम उठाए हैं। जी. बी. पंत अस्पताल में अत्याधुनिक सीटी स्कैनर, न्यूरो लैब और न्यूरो आईसीयू जैसी सुविधाएं स्थापित की गई हैं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि वर्षों से निष्क्रिय पड़े यमुनापार विकास बोर्ड को पुनर्जीवित कर 700 करोड़ रुपये का विशेष फंड प्रदान किया गया है। इस बजट के माध्यम से यमुनापार क्षेत्र में सड़कों, ड्रेनेज और अन्य आधारभूत ढांचे का तेजी से विकास किया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार की नीति और नियत दोनों ही जनसेवा के लिए समर्पित हैं। जनता का धन जनता की सेवा में ही लगाया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली का विकास किसी क्षेत्र विशेष के आधार पर नहीं, बल्कि हर नागरिक के अधिकार के रूप में किया जाएगा। यमुना के ‘आर हो या पारÓ, पूरी दिल्ली का समान और संतुलित विकास सरकार का संकल्प है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि डॉ. हेडगेवार की स्थापित प्रतिमा अस्पताल में कार्यरत चिकित्सकों और कर्मचारियों के लिए प्रेरणा का केंद्र बनेगी और उन्हें प्रतिदिन नई ऊर्जा तथा सेवा भावना के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित करेगी।
इस अवसर पर दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने कहा कि आज डॉ. हेडगेवार आरोग्य संस्थान, कड़कडड़ूमा में डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार जी की प्रतिमा का अनावरण हम सबके लिए गौरव और प्रेरणा का क्षण है। जिस अस्पताल का नाम उनके आदर्शों पर आधारित हो और वहां उनके जीवन व योगदान का कोई प्रतीक चिन्ह न हो, यह निश्चित रूप से एक कमी थी। माननीय मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता जी ने इस विषय पर तुरंत संज्ञान लेकर उनकी भव्य प्रतिमा स्थापित करने का निर्णय लिया। उनकी यह प्रतिमा ‘राष्ट्र प्रथम से राष्ट्र निर्माणÓ के उनके संदेश को आने वाली पीढिय़ों तक पहुंचाने का माध्यम बनेगी। उन्होंने कहा कि हमारे पथप्रदर्शक डॉ. हेडगेवार जी ने 1915 में चिकित्सा शिक्षा पूर्ण करने के बावजूद निजी पेशे के स्थान पर राष्ट्रसेवा का मार्ग चुना और 1925 में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की स्थापना कर राष्ट्रनिर्माण की एक सशक्त विचारधारा को जन्म दिया। आज उन्हीं आदर्शों से प्रेरित होकर दिल्ली सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को नई ऊंचाइयों तक ले जा रही है। एक वर्ष के भीतर 370 आयुष्मान आरोग्य मंदिर स्थापित किए गए हैं, अब तक 14 लाख से ज्यादा लोगों ने स्वास्थ्य सुविधा का लाभ लिया साथ ही 7 लाख से अधिक आयुष्मान कार्ड जारी हुए हैं, 300 से अधिक डायलिसिस मशीनों की सुविधाएँ विस्तारित हुई हैं और टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत व्यापक स्क्रीनिंग की गई है।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि डॉ. हेडगेवार आरोग्य संस्थान आज पूर्वी दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों को 200 बेड की आधुनिक स्वास्थ्य सेवाएँ प्रदान कर रहा है, जहां रेडियोलॉजी, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, आपातकालीन सेवाएँ तथा आयुष्मान भारत जैसी योजनाओं का लाभ उपलब्ध है। हम संकल्प लेते हैं कि यह संस्थान सेवा, समर्पण और राष्ट्रनिर्माण का सशक्त केंद्र बनेगा तथा डॉ. हेडगेवार जी के आदर्श सदैव हमारे कार्यों का मार्गदर्शन करते रहेंगे।
00
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी


















