भोपाल,14 फरवरी (आरएनएस)। एमपी नगर जोन-1 के आर्च मनोर होटल की पानी टंकी से शनिवार दोपहर बुजुर्ग की लाश बरामद की गई। घटना की सूचना मिलने के बाद उनके शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। पुलिस की शुरुआती जांच में साफ हुआ कि बुजुर्ग शराब पीने के आदि थे। इससे अनुमान लगाया जा रहा है कि नशे में काम करने के दौरान वह होटल की चौथी मंजिल पर स्थित टंकी में डूबे और उनकी जान चली गई। जहां हादसा हुआ वहां होटल के कपड़ों की धुलाई होती थी और बुजुर्ग होटल में धोबी का काम करते थे।
एमपी नगर थाना प्रभारी जयहिंद शर्मा ने बताया कि 60 वर्षीय अशोक रजक पिता शंकरलाल रजक बजरिया इलाके में रहते थे। वे एमपी नगर जोन वन में स्थित आर्च मैनर होटल में कपड़े धोने का काम करते थे। वे पिछले 20 साल से यहां पर कपड़े धोने का काम कर रहे थे। रोजाना की तरह अपने काम पर पहुंचे थे। दोपहर के समय बेटे ने उन्हें फोन लगाया तो उन्होंने कॉल रिसीव नहीं किया।
बेटा होटल पहुंचा तथा तलाश की। तलाश के दौरान बेटा वहां पर पहुंचा जहां पर उसके पिता हमेशा कपड़े धोया करते थे। यहां पर अशोक पानी की टंकी में डूबे हुए पाए गए। उन्हें तुरंत ही निकालकर अस्पताल ले जाया गया। जहां पर डॉक्टर ने अशोक को मृत घोषित कर दिया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में ही इस बात का पता चल सकेगा कि उनकी मौत पानी में डूबने के कारण हुई अथवा उनके साथ कोई वारदात हुई है। युवक ने फांसी लगाकर सुसाइड किया गोविंदपुरा पुलिस ने बताया कि 21 वर्षीय मुन्ना सोनी सिक्योरिटी लाइन इलाके में रहता था। यहां पर वह अपनी मां के साथ रहता था। मां व अन्य रिश्तेदारों ने उसकी शादी तय कर दी थी। कुछ दिनों बाद ही उसकी शादी होने वाली थी। वह उस युवती से बात करने लगा था जिससे शादी होने वाली थी। शुक्रवार की दोपहर में मां घर के बाहर बर्तन धो रही थी इस दौरान मुन्ना अपने कमरे में बैठकर युवती से बात कर रहा था। थोड़ी देर बाद मां अंदर पहुंची तो मुन्ना फन्दे पर लटका मिला। फंदे से उतारकर उसे तुरंत ही अस्पताल ले जाया गया जहां पर उसे मृत घोषित कर दिया गया। मौके से सुसाइड नोट न मिलने के कारण आत्महत्या की वजह पता नहीं चल सकी है। मां ने बताया कि बेटे का युवती फोन पर विवाद हुआ था जिसके बाद ही उसने खुदुकुशी कर ली।

