भोपाल,14 फरवरी (आरएनएस)।सूखी सेवनिया थाना इलाके में रहने वाली 15 साल की किशोरी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घर के एक कमरे में किशोरी ने अपने दुपट्टे का फंदा तैयार कर फांसी लगाई है। शुक्रवार रात फंदे पर लटके शव को देखने के बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मर्ग कायम कर केस की जांच शुरू कर दी है।
सुखी सेवनिया पुलिस ने ने बताया कि 15 वर्षीय काजल बंजारा पिता रमेश बंजारा सुखी शिवन्या बंजारा बस्ती की रहने वाली थी। वह पांचवीं कक्षा के बाद पढ़ाई छोड़ चुकी थी। उसके माता-पिता फेरी लगाकर प्लास्टिक आइटम बेचने का काम करते हैं।
मां और पिता हर रोज की तरह शुक्रवार सुबह घर से निकल गए थे। छोटे भाई ने बड़ी बहन के शव को फंदे पर लटका देखने के बाद मां-पिता को कॉल पर सूचना दी। शोर मचा कर पड़ोसियों को बुलाया। मां-पिता ने घर पहुंचने के बाद पुलिस को मामले की जानकारी दी। पुलिस की मौजूदगी में शव को फंदे से उतरा गया।
कमरे की तलाशी में पुलिस को कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। लिहाजा आत्महत्या की कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस को दिए बयानों में परिजनों ने सुसाइड का कोई ठोस कारण नहीं बताया है।
इसी के साथ बच्ची को हाल ही के दिनों में किसी भी तरह से डांट फटकार करने की बात से भी इनकार किया। शनिवार दोपहर पीएम के बाद शव परिजनों के हवाले कर दिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की सभी एंगल पर जांच की जा रही है। पीएम रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की जांच की दिशा तय की जाएगी।

