शिवपुरी,14 फरवरी (आरएनएस)। करैरा में शनिवार को दिनदहाड़े एक अधिवक्ता की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना किले के पीछे आनंद सागर मंदिर के पास सिद्धन रोड पर उस समय हुई, जब वे बाइक से कोर्ट की ओर जा रहे थे। बीच रास्ते में घात लगाकर बैठे बदमाशों ने उन पर फायरिंग कर दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक की पहचान घरियाली मोहल्ला, पुराना बाजार निवासी एडवोकेट संजय कुमार सक्सेना के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वे प्रतिदिन की तरह सुबह अपने घर से कोर्ट के लिए निकले थे। जैसे ही वे सुनसान मार्ग पर पहुंचे, अज्ञात हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ गोली चला दी। हमलावर किस साधन से आए थे या पैदल थे, इसका स्पष्ट पता नहीं चल पाया है।
कुछ समय बाद उसी मार्ग से गुजर रहे अन्य अधिवक्ता ने उन्हें सड़क पर लहूलुहान हालत में देखा और तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और क्षेत्र को घेराबंदी कर जांच शुरू की। पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है और संदिग्धों की तलाश में सर्चिंग अभियान चलाया जा रहा है।
परिजनों ने हत्या के पीछे जमीनी विवाद को कारण बताते हुए चार लोगों पर संदेह जताया है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।

