रायपुर, 14 फरवरी 2026 (आरएनएस) नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रायपुर पुलिस कमिश्नरेट को बड़ी सफलता मिली है। एण्टी क्राइम एण्ड साइबर यूनिट और थाना सिविल लाइन पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में कार से गांजा की तस्करी कर रहे दो आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, केनाल रोड स्थित दुर्गा मंच के पीछे खाली मैदान में एक कार में सवार दो व्यक्ति गांजा रखकर ग्राहक का इंतजार कर रहे थे। सूचना मिलते ही टीम ने घेराबंदी कर वाहन को रोका और तलाशी ली। तलाशी के दौरान वाहन से अलग-अलग पैकेटों में रखा 50 किलो 94 ग्राम गांजा बरामद किया गया।
कार्रवाई में आरोपियों के कब्जे से 2 लाख रुपये नगद, 2 मोबाइल फोन और टोयोटा कार क्रमांक MH 01 BU 9616 जब्त की गई। जप्त मशरूका की कुल कीमत लगभग 32 लाख 67 हजार रुपये आंकी गई है।

गिरफ्तार आरोपी हृषिकेश उर्फ ऋषिकेश उर्फ ऋषि सरोज (28 वर्ष), निवासी धमतरी / हिमांशु दामले (31 वर्ष), निवासी अंबागढ़ चौकी, जिला मोहला-मानपुर, दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना सिविल लाइन में अपराध क्रमांक 88/26 के तहत धारा 20(सी), 29 एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है और मामले में जुड़े अन्य तस्करों की तलाश की जा रही है। फॉरवर्ड व बैकवर्ड लिंक खंगालकर पूरे नेटवर्क पर एंड-टू-एंड कार्रवाई की तैयारी है।
गौरतलब है कि वर्ष 2026 में अब तक एण्टी क्राइम एण्ड साइबर यूनिट द्वारा गांजा के 12 प्रकरणों में 27 आरोपियों को गिरफ्तार कर 125 किलो से अधिक गांजा जब्त किया जा चुका है। पुलिस का कहना है कि नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

