नई दिल्ली ,15 फरवरी (आरएनएस)। देशभर में आज महाशिवरात्रि पर्व मनाया जा रहा है। 12 ज्योतिर्लिंग और शिव मंदिरों में आधी रात से ही दर्शन-पूजन करने के लिए भक्त पहुंच रहे हैं। महाकालेश्वर मंदिर में आज 10 लाख लोगों के पहुंचने का अनुमान है। महाकाल मंदिर : यहां पट रात 2:30 बजे से खुले हैं और लगातार 44 घंटे दर्शन-पूजन होगा। इस दौरान शयन आरती नहीं होगी। 16 फरवरी को दोपहर 12 बजे साल में एक बार होने वाली भस्म आरती भी होगी। विशेष शृंगार : महाकाल का दूल्हे के रूप में शृंगार करने के लिए 3 क्विंटल फूल मंगाए गए हैं। 100 किलो आंकड़े के फूल, सवा लाख बेल पत्र और 200 किलो देसी फूल से 11 फीट का सेहरा बनाया जाएगा।
ओंकारेश्वर मंदिर : मध्यप्रदेश के खंडवा में मंदिर को रात 3 बजे से दर्शन के लिए खोला गया है, जहाँ 24 घंटे लगातार पूजन चलेगा। काशी विश्वनाथ : यहां रात 2:15 बजे मंगला आरती की गई और 3:30 बजे मंदिर आम जनता के लिए खुल गया। मंदिर के बाहर भक्तों की कई किलोमीटर लंबी कतार लगी है। बाबाधाम (देवघर) : झारखंड के देवघर में शनिवार को पंचशूलों की विशेष पूजा और पुनस्र्थापना की गई। रविवार को बाबा बैद्यनाथ मंदिर में शिव-पार्वती विवाह होगा और शाम को शिव बारात निकाली जाएगी। यहाँ सुबह 4:25 बजे से ही श्रद्धालु दर्शन कर रहे हैं।
०


















