रायपुर, 15 फरवरी 2026(आरएनएस) राजधानी में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रायपुर पुलिस कमिश्नरेट को एक और सफलता मिली है। एण्टी क्राइम एण्ड साइबर यूनिट और थाना गोलबाजार पुलिस की संयुक्त टीम ने डीकेएस अस्पताल के पीछे पार्किंग क्षेत्र से एक युवक को एमडीएमए के साथ रंगेहाथ गिरफ्तार किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, टीम को सूचना मिली थी कि डीकेएस अस्पताल के पीछे पार्किंग में एक युवक प्रतिबंधित मादक पदार्थ एमडीएमए लेकर ग्राहक की तलाश में खड़ा है। सूचना की तस्दीक के बाद पुलिस ने घेराबंदी कर संदिग्ध युवक को पकड़ा।
पूछताछ में युवक ने अपना नाम चित्रांश पवार उर्फ गोल्डी (20 वर्ष) निवासी राजा तालाब अमर चौक, थाना सिविल लाइन रायपुर बताया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 6.32 ग्राम एमडीएमए बरामद किया गया। साथ ही घटना में प्रयुक्त एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया। जप्त मशरूका की कुल कीमत लगभग 80 हजार रुपये आंकी गई है।
आरोपी के खिलाफ थाना गोलबाजार में अपराध क्रमांक 29/26 के तहत धारा 22(ख) एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज कर कार्रवाई की गई है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी से पूछताछ जारी है और फॉरवर्ड व बैकवर्ड लिंकेज खंगालकर इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है। नशे के कारोबार पर पूरी तरह लगाम कसने के लिए एंड-टू-एंड कार्रवाई की जाएगी।

