रायपुर, 15 फरवरी 2026(आरएनएस) राजधानी में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत रायपुर पुलिस कमिश्नरेट (DCP–West) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए थाना आमानाका और थाना कबीर नगर क्षेत्र से कुल 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों जगहों से मिलाकर 18.81 ग्राम अवैध मादक पदार्थ हेरोइन (चिट्ठा) जब्त किया है।
थाना आमानाका: 4 आरोपी दबोचे
14 फरवरी 2026 को रिंग रोड-01 टाटीबंध सुलभ के पास पुलिस ने घेराबंदी कर चार आरोपियों को पकड़ा। तलाशी में 10.28 ग्राम हेरोइन, एक स्कूटी और एक मोबाइल फोन बरामद हुआ। जब्त मशरूका की कीमत लगभग 1,90,000 रुपये आंकी गई है। इस मामले में अपराध क्रमांक 46/26 के तहत धारा 21(B), 29 एनडीपीएस एक्ट एवं 111 बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों में जसकरण सिंह (23), ऋषि साहू (26), विशाल बिशेन (35) और भूपेन्द्र सिंह (42) शामिल हैं।
थाना कबीर नगर: 2 आरोपी गिरफ्तार
इसी दिन वेदांत वाटिका, हीरापुर क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दो आरोपियों को पकड़ा। इनके कब्जे से 8.53 ग्राम हेरोइन (लगभग 1,70,000 रुपये) और एक इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन (200 रुपये) जब्त की गई। कुल जप्त मशरूका की कीमत लगभग 1,70,200 रुपये है। जप्त मशरूका की कुल कीमत करीब 3.60 लाख रुपए आंकी गई है। इस प्रकरण में भी अपराध क्रमांक 46/26 के तहत धारा 21(B) एनडीपीएस एक्ट में मामला पंजीबद्ध किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों में धर्मेन्द्र सिंह उर्फ बिक्का (38) और संतोष सिंह सिदार (29) शामिल हैं।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक मादक पदार्थ की सप्लाई श्रृंखला से जुड़े अन्य व्यक्तियों के संबंध में पूछताछ जारी है। वेस्ट जोन पुलिस का कहना है कि नशे के कारोबार पर सख्त और सतत कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

