रायपुर 15 फरवरी 2029(आरएनएस) कमिश्नरेट व्यवस्था लागू होने के बाद सख्ती दिखा रही रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने देर रात तक क्लब चलाने पर बड़ा एक्शन लिया है। व्हीआईपी रोड स्थित क्लब मिथ्या निर्धारित समय सीमा के बाद भी खुला मिला, जिस पर पुलिस ने मौके पर कार्रवाई करते हुए मैनेजर को गिरफ्तार कर लिया, पुलिस के मुताबिक शासन के निर्देशानुसार सभी होटल, ढाबा, बार, कैफे, क्लब और पब को रात 12 बजे तक बंद करना अनिवार्य किया गया है। थाना तेलीबांधा क्षेत्र में नियमित रूप से रात्रि चेकिंग की जा रही है।
15 फरवरी 2026 की रात चेकिंग के दौरान क्लब मिथ्या करीब 12:50 बजे तक संचालित पाया गया। मौके पर मौजूद मैनेजर फैकी महु (29 वर्ष) निवासी विशाल नगर, तेलीबांधा के खिलाफ प्रतिबंधात्मक धाराओं 170/125, 135, 3(1) बीएनएसएस के तहत कार्रवाई कर इस्तगाशा तैयार किया गया और माननीय एसडीएम न्यायालय रायपुर में पेश किया गया, साथ ही संस्थान का गुमाश्ता लाइसेंस निरस्त करने के लिए प्रतिवेदन तैयार कर वरिष्ठ कार्यालय के माध्यम से भेजा गया है।
गौरतलब है कि 1 फरवरी 2026 को भी इसी क्लब के खिलाफ समय सीमा से अधिक संचालन पाए जाने पर लाइसेंस निरस्तीकरण की कार्रवाई प्रस्तावित की गई थी, पुलिस का साफ संदेश है—नियमों की अनदेखी करने वालों पर सख्त कार्रवाई तय है, चाहे वह कितना भी बड़ा प्रतिष्ठान क्यों न हो।

