रायपुर ग्रामीण, 15 फरवरी 2026 (आरएनएस) टी-20 क्रिकेट वर्ल्ड कप के दौरान ऑनलाइन सट्टा खिलाने वाले एक बड़े खिलाड़ी को रायपुर पुलिस ने दबोच लिया है। थाना तिल्दा नेवरा क्षेत्र के हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, कोहका स्थित एक किराए के मकान में चल रहे सट्टा अड्डे पर पुलिस ने दबिश देकर आरोपी को रंगे हाथों पकड़ा।
पुलिस के मुताबिक मुखबिर से सूचना मिली थी कि मकान के भीतर ऑनलाइन बेटिंग साइट्स के जरिए क्रिकेट पर दांव लगवाया जा रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस टीम ने रेड कार्रवाई की। मौके पर मौजूद व्यक्ति ने अपना नाम जितेंद्र बिरला उर्फ बबलू उर्फ बिल्ला (43 वर्ष) बताया, जो मूलतः रोहतक (हरियाणा) का निवासी है और कोहका में किराए से रह रहा था।
मोबाइल की जांच में आरोपी द्वारा “777 Grand Exchange” और “JMD Bet” आईडी के जरिए ऑनलाइन सट्टा संचालन का खुलासा हुआ। तलाशी के दौरान उसके पास से 1,80,000 रुपये नगद, 3 मोबाइल फोन (कीमत 75,000 रुपये), 20 बैंक पासबुक, 10 चेकबुक, 14 एटीएम कार्ड, 2 आधार कार्ड, 1 पैन कार्ड, 1 ड्राइविंग लाइसेंस, सट्टे का हिसाब-किताब की 6 कॉपियां, एक पेन और कैलकुलेटर बरामद किया गया। कुल जब्त मशरूका की कीमत लगभग 2,55,000 रुपये आंकी गई है।

आरोपी के खिलाफ थाना तिल्दा नेवरा में अपराध क्रमांक 65/26 के तहत छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 7, 8 एवं भारतीय न्याय संहिता की धारा 112(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है, पुलिस अब जब्त बैंक खातों की जांच कर रही है और सट्टा नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है। ग्रामीण पुलिस का कहना है कि क्रिकेट के नाम पर सट्टा खिलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

