कोंडागांव, 15 फरवरी (आरएनएस)। बस्तर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एवं कोण्डागांव विधानसभा क्षेत्र की विधायक लता उसेंडी ने शनिवार को ग्राम पुसावण्ड में कुल 17.15 लाख रुपए की लागत के दो विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया। इन कार्यों में आश्रित ग्राम काकडग़ांव मातागुड़ी के पास 3 लाख रुपए की लागत से बनने वाले सांस्कृतिक भवन का भूमिपूजन तथा 14.15 लाख रुपए की लागत से निर्मित नवीन पंचायत भवन का लोकार्पण शामिल है। इसी प्रकार विधायक उसेंडी ने ग्राम बड़ेबंजोड़ा में भी कुल 06 लाख रूपए की लागत के विकास कार्यों का भूमिपूजन किया गया। इन कार्यों में पखना पारा शिवलाल घर से 100 मीटर सीसी सड़क निर्माण कार्य लागत 03 लाख रूपए और सीदाय घर से गुडिया घर तक 100 मीटर सीसी सड़क निर्माण कार्य लागत 03 लाख रूपए शामिल है। इस अवसर पर विधायक उसेंडी ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार गांवों में सड़क, भवन और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण के लिए सतत प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि सीसी सड़क निर्माण से बारिश के दिनों में होने वाली समस्याओं से राहत मिलेगी और ग्रामीणों के दैनिक जीवन में सुविधा बढ़ेगी। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि शासन की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।
कार्यक्रम में सरपंच सूरज पोयाम, जनपद सदस्य फरसूराम नेताम, इंदलराम यादव, हितेश झा, संतोष पात्र, सुकालूराम पोयाम, सोनारूराम मंडावी, मेहत्तर बघेल, शिवराम बघेल, मंगलूराम मंडावी, सोमसू पोयाम, रूनीका मानिकपुरी, महादेव पायोम, लच्छूराम पोयाम सहित पंचगण एवं अन्य जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
0


















