रायपुर, 16 फरवरी 2026 (आरएनएस) रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के आजाद चौक इलाके में हुई मकान चोरी की वारदात का पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। इस मामले में प्रार्थिया का ही पुत्र, जो विधि के साथ संघर्षरत बालक है, मास्टरमाइंड निकला। चोरी के जेवर खरीदने वाले आरोपी को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
मामला शिवनगर हांडीपारा स्थित एक मकान का है। 29 जनवरी 2026 को अज्ञात आरोपी द्वारा घर का ताला तोड़कर आलमारी और पेटी में रखे सोने-चांदी के जेवर, नगदी और मोबाइल फोन कुल कीमत करीब 2 लाख रुपये चोरी कर लिए गए थे। शिकायत पर थाना आजाद चौक में अपराध क्रमांक 26/26 धारा 331(3) और 305 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया, जांच के दौरान एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और थाना आजाद चौक पुलिस ने संयुक्त रूप से पड़ताल शुरू की। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए और परिवार से बारीकी से पूछताछ की गई। पुलिस को तब शक हुआ जब प्रार्थिया का पुत्र बार-बार बयान बदलने लगा, सख्ती से पूछताछ करने पर उसने चोरी की वारदात खुद अंजाम देना स्वीकार कर लिया।
पूछताछ में सामने आया कि चोरी के जेवर उसने प्रतीक दम्मानी को बेच दिए थे। पुलिस ने आरोपी प्रतीक दम्मानी (39 वर्ष), निवासी बूढ़ापारा चंद्रमा मंदिर, रायपुर को गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ धारा 317(2) बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई है।
पुलिस ने दोनों के कब्जे से चोरी की पूरी मशरूका—सोने-चांदी के जेवर, नगदी और मोबाइल फोन—कुल कीमत 2 लाख रुपये बरामद कर लिए हैं।
फिलहाल दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना आजाद चौक में धारा 331(3), 305 और 317(2) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।


