रायपुर, 16 फरवरी 2026 (आरएनएस) रायपुर पुलिस कमिश्नरेट की एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट ने न्यू राजेन्द्र नगर इलाके में ऑनलाइन सट्टा चला रहे एक आरोपी को रंगे हाथों पकड़ा है। कार्रवाई थाना न्यू राजेन्द्र नगर पुलिस के साथ संयुक्त रूप से की गई।
पुलिस को सूचना मिली थी कि साईं मंदिर के पास टी-20 क्रिकेट वर्ल्ड कप मैचों पर ऑनलाइन सट्टा संचालित किया जा रहा है। सूचना पर टीम ने घेराबंदी कर दबिश दी। मौके पर मौजूद युवक भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन पुलिस ने उसे पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम जगदीश आसरवानी (36 वर्ष) निवासी तेलीबांधा, रायपुर बताया। मोबाइल जांच में सामने आया कि वह BET4WIN लिंक आईडी के जरिए ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा चला रहा था।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 2 मोबाइल फोन, 3,350 रुपये नगद, 1 एटीएम कार्ड और सट्टा-पट्टी का हिसाब-किताब जब्त किया है। जब्त मशरूका की कीमत करीब 25 हजार रुपये बताई गई है।
आरोपी के खिलाफ थाना न्यू राजेन्द्र नगर में अपराध क्रमांक 68/26 के तहत छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 7 में मामला दर्ज कर कार्रवाई की गई है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, वर्ष 2026 में अब तक ऑनलाइन सट्टे के 4 मामलों में 15 आरोपियों को गिरफ्तार कर करीब 1.92 करोड़ रुपये का मशरूका जब्त किया जा चुका है। मामले में जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

